menu-icon
India Daily

अयोध्या में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक, राम मंदिर की भविष्य की योजनाओं पर होगा मंथन

अयोध्या में सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है. बैठक में राम मंदिर निर्माण की प्रगति, ट्रस्ट की प्रशासनिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
अयोध्या में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक, राम मंदिर की भविष्य की योजनाओं पर होगा मंथन
Courtesy: ANI

अयोध्या में सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसे राम मंदिर परियोजना और उससे जुड़ी आगामी योजनाओं के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. इस बैठक में मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं, ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा. 

राम मंदिर आंदोलन से जुड़े संगठन, श्रद्धालु और विभिन्न सामाजिक वर्ग इस बैठक के फैसलों पर नजर बनाए हुए हैं. बैठक में ट्रस्ट के अधिकांश सदस्य व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि कुछ वरिष्ठ सदस्य ऑनलाइन माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे.

बैठक में कौन होंगे शामिल?

मिली जानकारी के मुताबिक आज के बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है, जिनका प्रभाव राम मंदिर परिसर के विकास और ट्रस्ट की आगामी कार्ययोजना पर पड़ सकता है. बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, महासचिव चंपत राय, निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, परमानंद गिरि महाराज, अनिल मिश्र, कृष्ण मोहन, महंत दिनेन्द्र दास और कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि महाराज शामिल होंगे.

वहीं, संस्थापक ट्रस्टी के. परासरन और स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ महाराज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़ेंगे. इसके अलावा केंद्र सरकार के पदेन सदस्य प्रशांत लोखंडे, राज्य सरकार के प्रतिनिधि संजय प्रसाद तथा अयोध्या के जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी भी बैठक का हिस्सा बनेंगे. इससे स्पष्ट है कि बैठक में ट्रस्ट के साथ प्रशासनिक स्तर पर भी समन्वय बनाए रखने पर जोर रहेगा.

बैठक से पहले अयोध्या पहुंचे ट्रस्ट सदस्य

बैठक की तैयारियों के बीच ट्रस्ट के सदस्य रविवार से ही अयोध्या पहुंचने लगे. सभी सदस्यों के ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है. निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र सर्किट हाउस में ठहरेंगे, जबकि कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि महाराज वैदेही भवन में रहेंगे. वहीं महासचिव चंपत राय तीर्थ क्षेत्र भवन में ही ठहरेंगे. 

इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

ट्रस्ट की इस बैठक में राम मंदिर परिसर के विकास कार्यों, निर्माण की मौजूदा स्थिति, प्रशासनिक व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार, विभिन्न विकास परियोजनाओं और ट्रस्ट की आगामी कार्ययोजना को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं.