औरैया में शुरू हुआ देश का सबसे बड़ा वाहन स्क्रैपिंग सेंटर, 100-150 लोगों को मिलेगा रोजगार
केंद्र में पुराने वाहनों को वैज्ञानिक तरीके से स्क्रैप करने के लिए आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं. यहां डिपॉल्यूशन सिस्टम, डिसमेंटलिंग एरिया और अन्य जरूरी मशीनरी उपलब्ध हैं. वाहन मालिकों को सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट (सीडी) और अन्य जरूरी दस्तावेज दिए जाएंगे, जिससे वे आसानी से अपने पुराने वाहन को कानूनी रूप से हटा सकें.
औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के दिबियापुर स्थित प्लास्टिक सिटी में देश के सबसे बड़े वाहन स्क्रैपिंग केंद्र का उद्घाटन कर दिया गया है. इस केंद्र की सालाना क्षमता 1.46 लाख पुराने वाहनों को स्क्रैप करने की है. इससे न सिर्फ पर्यावरण को फायदा पहुंचेगा बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे.
औरैया में शुरू हुआ देश का सबसे बड़ा वाहन स्क्रैपिंग सेंटर
यह केंद्र आरवीएसएफ के रूप में पंजीकृत है और देशभर में अपनी क्षमता के हिसाब से सबसे बड़े स्क्रैपिंग यूनिट्स में शामिल है. रिस्टोर हेल्थ मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड (आरएमपीएल) द्वारा विकसित इस परियोजना को एमपीसीसी ग्रुप ने संचालित किया है. केंद्र प्लास्टिक सिटी के प्लॉट ए-4 में स्थापित किया गया है.
100-150 लोगों को मिलेगा रोजगार
उद्घाटन के दौरान एक पुराने वाहन की प्रतीकात्मक स्क्रैपिंग की गई. साथ ही स्क्रैपसेंटर.कॉम नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी शुरू किया गया, जिसके जरिए लोग आसानी से अपने पुराने वाहनों का निस्तारण करवा सकेंगे.
Also Read
पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक सुविधाएं
केंद्र में पुराने वाहनों को वैज्ञानिक तरीके से स्क्रैप करने के लिए आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं. यहां डिपॉल्यूशन सिस्टम, डिसमेंटलिंग एरिया और अन्य जरूरी मशीनरी उपलब्ध हैं. वाहन मालिकों को सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट (सीडी) और अन्य जरूरी दस्तावेज दिए जाएंगे, जिससे वे आसानी से अपने पुराने वाहन को कानूनी रूप से हटा सकें.
आरएमपीएल एवं एमपीसीसी ग्रुप के संस्थापक डॉ. विनय कुमार वर्मा ने कहा कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य पुराने और अनुपयोगी वाहनों को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से नष्ट करना है. इससे प्रदूषण कम होगा और सड़कों पर चलने वाले खतरनाक वाहनों की संख्या भी घटेगी.
रोजगार का नया केंद्र
इस परियोजना से करीब 150 लोगों को सीधा रोजगार मिलने की उम्मीद है. भाजपा के पूर्व कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कहा कि यह फैक्ट्री न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगी बल्कि आसपास के गांवों और कस्बों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर नौकरी के अवसर प्रदान करेगी. उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा, व्यापारी नेता अजय पैराडाइज, सभासद कुलदीप पोरवाल समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया.
सरकार के वाहन स्क्रैपिंग पॉलिसी के तहत यह केंद्र एक बड़ा कदम माना जा रहा है. पुराने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को हटाने से सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और हवा साफ होगी. औरैया का यह स्क्रैपिंग सेंटर अब पूरे उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों के लिए उपयोगी साबित होगा.