'बुलेट प्रूफ जैकेट-हथकड़ी पहनाकर यूपी भेजें', एनकाउंटर से डर रहे अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपियों ने मांगी सुरक्षा

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो आरोपियों ने उत्तर प्रदेश ले जाते समय फर्जी एनकाउंटर की आशंका जताई है. दोनों ने पटियाला हाउस कोर्ट से हथकड़ी, बेड़ियां और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर शामली ले जाने की मांग की.

Pinterest
Km Jaya

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो आरोपियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा फर्जी एनकाउंटर किए जाने की आशंका जताई है. दोनों आरोपियों ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका देकर सुरक्षा की मांग की है. उन्होंने अदालत से अपील की कि उन्हें उत्तर प्रदेश के शामली ले जाते समय हथकड़ी, बेड़ियां और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाई जाए, ताकि रास्ते में उनकी जान को कोई खतरा न हो.

दोनों आरोपी फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं. उन्हें 12 नवंबर 2026 को शामली कोर्ट में पेश किया जाना है. आरोपियों की आशंका पर सुनवाई करते हुए पटियाला हाउस कोर्ट ने जेल प्रशासन को उनकी पेशी के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए. अदालत ने यह भी कहा कि पुलिस इस बात का विशेष ध्यान रखे कि आरोपियों को शामली ले जाते समय रास्ते में कोई अनहोनी न हो.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 26 अगस्त को उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात उस समय हुई, जब वह एक जिम के बाहर मौजूद थे. हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं. अंकित को पांच गोलियां लगी थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.


हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया था. गुस्साए लोगों ने अंकित का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था. घटनास्थल पर उनकी स्कॉर्पियो के अगले शीशे पर भी गोलियों के निशान मिले थे. सड़क पर कई कारतूस पड़े हुए थे. इस वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई तेज कर दी.

एनकाउंटर से गिरफ्तारी तक, अब तक क्या-क्या हुआ?

अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने अलग-अलग चरणों में कई कार्रवाई की हैं.

26 अगस्त 2026: उत्तर प्रदेश के शामली में जिम के बाहर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
31 अगस्त 2026: यूपी पुलिस और एसटीएफ ने कैराना में मुठभेड़ के दौरान शूटर मुहित और सुमित को मार गिराया.
अक्टूबर 2026: फरार आरोपियों आर्यन सिंधु और सत्यम उपाध्याय की संपत्ति कुर्क की गई.
नवंबर 2026: हत्याकांड की साजिश में शामिल होने के आरोप में योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ तीतर को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद उन्हें कैराना कोर्ट में पेश किया गया.

कौन थे अंकित बालियान?

अंकित बालियान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे. वह हरियाणा के सोनीपत में भी रहे थे, लेकिन पिछले कई महीनों से अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे. उनके पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं, जबकि मां अमरेश गृहिणी हैं. अंकित चार भाई-बहनों में सबसे छोटे थे. उनकी शादी करीब छह साल पहले सीमा से हुई थी. उनकी पत्नी दिल्ली में सरकारी टीचर हैं. दंपती की कोई संतान नहीं थी. अंकित की हत्या से परिवार और उनके जानने वालों को गहरा झटका लगा था.

फिलहाल, दोनों आरोपियों की शामली कोर्ट में पेशी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं. अब 12 नवंबर को होने वाली पेशी के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी होगी कि आरोपियों को सुरक्षित तरीके से दिल्ली से शामली पहुंचाया जाए.