एक्सपायरी चिप्स और नमकीन को नई पैकिंग के साथ गांवों में बेचने की थी तैयारी, 7 लाख का जहरीला माल जब्त
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक्सपायरी नमकीन और चिप्स के बड़े गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है. ढकिया चमन गांव में छापेमारी कर सात लाख का जहरीला माल जब्त कर गोदाम सील किया गया.
अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में लोगों की सेहत के साथ हो रहे बड़े खिलवाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जोया ब्लॉक के एक शांत गांव ढकिया चमन में चल रहे एक अवैध गोदाम पर जब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए. भारी मात्रा में एक्सपायरी नमकीन, चिप्स और नूडल्स के पैकेट बरामद किए गए, जिन्हें दोबारा बाजार में खपाने की शातिर तैयारी चल रही थी.
जांच में पता चला कि आरोपी एक्सपायरी सामान को वापस नए रैपर में भरकर ताजा बताकर बेच रहे थे. नमकीन को पैकेट से निकालकर खुले में भी ग्रामीण बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था. यह जालसाजी सीधे तौर पर मासूम लोगों की जान जोखिम में डालने वाली थी. विभाग ने मौके से करीब सात लाख रुपये कीमत का ढाई से तीन क्विंटल नमकीन बरामद किया है. पूरे माल को एक कमरे में सील कर दिया गया है.
किराए के गोदाम में चल रहा था धंधा
इस पूरे रैकेट के पीछे कलीम नामक व्यक्ति का हाथ सामने आया है. वह पिछले एक महीने से ढकिया चमन गांव में किराए का गोदाम लेकर यह काला कारोबार चला रहा था. वह कौड़ियों के भाव एक्सपायरी सामान खरीदता और उसे मुनाफे के लिए दोबारा पैक करता था. सहायक आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने जिले में हड़कंप मचा दिया है. कलीम को विभाग ने कारण बताओ नोटिस थमा दिया है.
सप्लाई चेन और बड़े गिरोह की तलाश
खाद्य विभाग अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रहा है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायरी सामान कहां से लाया जा रहा था. अधिकारियों को अंदेशा है कि इसके पीछे कोई बड़ी सप्लाई चेन या गिरोह काम कर रहा है. सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी का जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा. विभाग इस धंधे में शामिल अन्य सहयोगियों की भी पहचान करने में जुटा है.
सेहत पर मंडराता 'एक्सपायरी' का खतरा
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि समय सीमा समाप्त हो चुके खाद्य पदार्थों में खतरनाक बैक्टीरिया पनप सकते हैं. ऐसे दूषित नमकीन और चिप्स खाने से न केवल फूड प्वाइजनिंग बल्कि पेट दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. ग्रामीण इलाकों के लोग अक्सर एक्सपायरी डेट नहीं देखते, जिसका फायदा ये जालसाज उठाते हैं. इसी वजह से प्रशासन ने अब ऐसी दुकानों और गोदामों पर कड़ी निगरानी रखने का फैसला किया है.
जनता से सतर्क रहने की अपील
कार्रवाई के बाद विभाग ने आम जनता से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि कोई भी पैकेज्ड सामान खरीदने से पहले उसकी निर्माण और एक्सपायरी तिथि जरूर जांचें. अगर कहीं भी अवैध तरीके से पैकेजिंग की सूचना मिले, तो तुरंत विभाग को सूचित करें. अमरोहा प्रशासन ने कड़े निर्देश दिए हैं कि मिलावटखोरों और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.