'बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5000, महिलाओं को सालाना 40 हजार...', यूपी चुनाव को लेकर सपा का घोषणापत्र जारी

समाजवादी पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. अखिलेश यादव ने 27 लाख सरकारी नौकरियां, बेरोजगार युवाओं को 5,000 रुपये मासिक भत्ता और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा किया है.

X
Sagar Bhardwaj

समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया. इसे 'जन-मन का घोषणापत्र' और 'PDA का प्रण-पत्र' नाम दिया गया है. इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और पिछड़े वर्गों पर विशेष ध्यान दिया गया है.

अखिलेश यादव ने सत्ता में आने पर 27 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया. इसके अलावा, जिन युवाओं को ग्रेजुएशन तक नौकरी नहीं मिलेगी, उन्हें हर महीने 5,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की.

महिलाओं को हर साल मिलेंगे 40 हजार रुपये

घोषणापत्र में महिलाओं के लिए भी कई बड़े वादे किए गए हैं. अखिलेश यादव ने महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने की बात कही. इसके अलावा महिला सुरक्षा मजबूत करने और जल्द न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का वादा किया गया है. उन्होंने राज्य के प्रतिष्ठित यश भारती सम्मान को दोबारा शुरू करने की भी घोषणा की.


मुफ्त शिक्षा और बंद स्कूलों को खोलने का वादा

शिक्षा के क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने मुफ्त पढ़ाई और बंद किए जा चुके प्राथमिक स्कूलों को दोबारा खोलने का वादा किया है. संविदा पर काम कर रहे शिक्षामित्रों को स्थायी नौकरी देने और उनका वेतन बढ़ाने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है. इसके अलावा गांवों को वाई-फाई, स्ट्रीट लाइट, बिजली और पक्की सड़कों जैसी सुविधाओं से लैस करने के लिए नए गांव विकसित करने का वादा किया गया है.

मुफ्त इलाज, एआई पुलिसिंग और पुरानी पेंशन योजना

सपा ने मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं और एंबुलेंस सुविधा देने का वादा किया है. पुलिस व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल करने और महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने की बात कही गई है. इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना (OPS) को फिर से लागू करने का वादा भी किया गया है.

अखिलेश यादव ने रोजगार के मुद्दे पर अपनी पिछली सरकार (2012-17) के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने लखनऊ में HCL को लाने और आईटी सिटी बनाने का काम किया था.

हर जिले और शहर के लिए अलग घोषणापत्र

अखिलेश यादव ने बताया कि पार्टी प्रदेश स्तर के घोषणापत्र के अलावा हर जिले और शहर के लिए अलग घोषणापत्र तैयार कर रही है. महिलाओं यानी आधी आबादी के लिए भी अलग से घोषणापत्र जारी किया जाएगा.

उन्होंने अपनी पिछली सरकार के दौरान लखनऊ में बने मेदांता अस्पताल, विश्वस्तरीय स्टेडियम, लुलु मॉल और रिवरफ्रंट का भी जिक्र किया. उनका कहना था कि ये काम पार्टी के पिछले घोषणापत्र में शामिल नहीं थे, फिर भी सरकार ने इन्हें पूरा किया.

संविधान और PDA गठबंधन पर भी दिया जोर

संविधान दिवस के मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि देश संविधान से चलेगा, किसी व्यक्ति की मनमर्जी से नहीं. उन्होंने PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि अब यह गठबंधन अपनी सरकार बनाएगा.

यह घोषणापत्र ऐसे समय जारी हुआ है, जब सीट बंटवारे को लेकर सपा और उसकी सहयोगी कांग्रेस के बीच बातचीत जारी है. इसी दौरान सपा ने मंगलवार को अपने पांच उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर दिए थे.