एलन मस्क का बड़ा ऐलान, अमेरिका के हर बच्चे को मिलेंगे SpaceX के 2 शेयर

एलन मस्क ने अमेरिका के हर बच्चे को SpaceX के दो शेयर देने की घोषणा की है. एक शेयर कंपनी और दूसरा मस्क व्यक्तिगत रूप से देंगे.

@Teaseryy
Sagar Bhardwaj

एलन मस्क ने अमेरिका के हर बच्चे को SpaceX के दो शेयर देने का ऐलान किया है. इनमें एक शेयर कंपनी और दूसरा मस्क अपनी तरफ से देंगे. इस पहल का मकसद बच्चों को कंपनी की ग्रोथ में हिस्सेदार बनाना और उनकी लंबी अवधि की संपत्ति तैयार करने में मदद करना है.

हर बच्चे को मिलेंगे SpaceX के दो शेयर

SpaceX के CEO एलन मस्क ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि अमेरिका के हर बच्चे को कंपनी के दो शेयर दिए जाएंगे. इनमें से एक शेयर SpaceX की ओर से और दूसरा मस्क अपनी निजी हिस्सेदारी से देंगे. इससे पहले कंपनी ने घोषणा की थी कि वह हर सक्रिय Trump Account में SpaceX के Class A कॉमन स्टॉक का एक नया शेयर देगी. अब मस्क ने कंपनी के इस योगदान के बराबर अपनी तरफ से भी एक शेयर देने की बात कही है.

Trump Account से जुड़ी है कंपनी की योजना

SpaceX के मुताबिक, इस पहल के तहत अमेरिका के लाखों बच्चों को कंपनी में हिस्सेदारी मिलेगी. Trump Accounts अमेरिका में बच्चों की लंबी अवधि की बचत और निवेश को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए टैक्स लाभ वाले खाते हैं. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मस्क की ओर से दिए जाने वाले शेयर भी Trump Accounts के जरिए ही मिलेंगे या नहीं. शेयरों को बेचने पर कोई समय सीमा या प्रतिबंध होगा या नहीं, इस बारे में भी जानकारी नहीं दी गई है.


एक शेयर की कीमत 127 डॉलर

कंपनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह अगली पीढ़ी को भविष्य के निर्माण में हिस्सेदार बनाना चाहती है. SpaceX का मानना है कि बच्चों को भविष्य की तकनीक और बुनियादी ढांचे के विकास में भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए. बुधवार को Nasdaq पर SpaceX का शेयर 127 डॉलर पर बंद हुआ था.

पहले भी कर चुके हैं शेयर देने का ऐलान

एलन मस्क ने पिछले महीने भी अमेरिका के हर बच्चे को SpaceX का एक शेयर देने की योजना का जिक्र किया था. उन्होंने इसे कई ऐसी पहलों की पहली कड़ी बताया था. मस्क का कहना है कि लोगों को भविष्य की अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी देने का एक तरीका कंपनियों के शेयर सीधे उनके नाम करना है.