menu-icon
India Daily

सोनम और सिया के बाद अब आगरा में पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, पति की हत्या कर बाथरूम के फर्श में दफनाया शव

आगरा के सिकंदरा इलाके में एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने का आरोप है. घटना का खुलासा 45 दिन बाद पुलिस जांच के दौरान हुआ. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
सोनम और सिया के बाद अब आगरा में पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, पति की हत्या कर बाथरूम के फर्श में दफनाया शव
Courtesy: Pinterest (Representative image)

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने का आरोप है. घटना का खुलासा करीब 45 दिन बाद हुआ, जब पुलिस जांच के दौरान घर पहुंची और महिला के व्यवहार पर शक होने के बाद बाथरूम की खुदाई कराई. वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ, जिसे मृतक का माना जा रहा है.

यह मामला आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित रेनुका धाम कॉलोनी का है. मृतक की पहचान 40 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे. वह अपनी पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों के साथ आगरा में रह रहे थे. 18 मई से उनके लापता होने की बात सामने आई थी.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश पहले से रची गई थी. जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन आरोपी महिला ने अपनी दोनों बेटियों को उनके मामा के घर भेज दिया था. इसके बाद उसने अपने पति के लिए खीर बनाई. पुलिस को शक है कि खीर में बड़ी मात्रा में नींद की गोलियां मिलाई गई थीं. सुरेंद्र के बेहोश होने के बाद उनकी हत्या कर दी गई.

जांच में क्या आया सामने?

जांच के मुताबिक, अगले दिन महिला ने घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया. इसके बाद गड्ढे को प्लास्टर से भरकर ऊपर नई टाइलें लगवा दीं ताकि किसी को शक न हो. पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद भी महिला उसी घर में रहती रही और लोगों को बताती रही कि उसका पति लापता है. 26 मई को उसने खुद ही पुलिस में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई.

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस एक अन्य मामले में सत्यापन के लिए घर पहुंची. पूछताछ के दौरान महिला का व्यवहार संदिग्ध लगा. इसी बीच मृतक के भाई से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली. बाथरूम के फर्श पर संदेह होने पर खुदाई कराई गई, जहां से मानव कंकाल बरामद हुआ.