menu-icon
India Daily

अवैध शराब कारोबार पर सरकार का बड़ा प्रहार, यूपी में 2.65 लाख से ज्यादा छापेमारी

उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने जून 2026 में 5,173.56 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाकर नया रिकॉर्ड बनाया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
अवैध शराब कारोबार पर सरकार का बड़ा प्रहार, यूपी में 2.65 लाख से ज्यादा छापेमारी
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश में आबकारी विभाग ने नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत शानदार प्रदर्शन के साथ की है. जून 2026 में विभाग ने रिकॉर्ड राजस्व हासिल किया और अवैध शराब के कारोबार पर भी सख्त कार्रवाई की. सरकार का कहना है कि राजस्व बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का अभियान लगातार जारी रहेगा.

रिकॉर्ड राजस्व से बढ़ा सरकार का भरोसा

उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने जून 2026 में 5,173.56 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया. यह पिछले साल जून के मुकाबले 16.05 प्रतिशत अधिक है. पिछले वर्ष इसी महीने विभाग को 4,458.23 करोड़ रुपये मिले थे. वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक कुल 15,809.25 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले साल की समान अवधि से 11.11 प्रतिशत ज्यादा है. आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने कहा कि विभाग को इस वर्ष 71,278 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया है और अधिकारी इसे पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं.

अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई

राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ भी बड़ा अभियान चलाया. जून 2026 तक पूरे प्रदेश में 2,65,870 छापेमारी की गई. इस दौरान 29,267 मुकदमे दर्ज किए गए और करीब 9 लाख लीटर अवैध शराब बरामद हुई. कार्रवाई के दौरान 4,641 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 804 आरोपियों को जेल भेजा गया. तस्करी में इस्तेमाल होने वाले 31 वाहन भी जब्त किए गए. सरकार का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

जून में तेज हुआ अभियान

आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि केवल जून महीने में ही 87,646 जगहों पर छापेमारी की गई. इस दौरान 9,764 मामले दर्ज हुए और 2.56 लाख लीटर अवैध शराब जब्त की गई. पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 1,513 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 283 आरोपियों को जेल भेजा गया. साथ ही सात वाहन भी जब्त किए गए.