आगरा जाने से पहले पढ़ लें ये खबर! सावन के तीसरे सोमवार पर कई रास्ते बंद, बदले रूट
सावन के तीसरे सोमवार पर आगरा में शिव मंदिरों और कैलाश मंदिर मेले को देखते हुए यातायात बदला जाएगा. 16 अगस्त शाम से कई रास्तों पर भारी वाहनों की रोक रहेगी और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा.
आगरा में सावन के तीसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं की भीड़ और कैलाश मंदिर में लगने वाले मेले को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था तैयार की है. 16 अगस्त शाम चार बजे से 17 अगस्त को कार्यक्रम खत्म होने तक कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बदली रहेगी. शहर में भारी वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा. वहीं, जलाभिषेक और पूजा के दौरान कुछ प्रमुख रास्तों पर चार पहिया और दोपहिया वाहनों के लिए भी प्रतिबंध लागू रहेगा.
बाहरी रास्तों पर भी बदलेगा भारी वाहनों का मार्ग
दिल्ली से आने वाले भारी वाहनों को मथुरा टाउनशिप चौराहा से गोकुल बैराज और यमुना एक्सप्रेस-वे की तरफ भेजा जाएगा. हाथरस से आने वाले वाहन सिकंदराराऊ या सादाबाद होकर मथुरा जाएंगे. एनएच-19 पर रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास से कुबेरपुर कट तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करेंगे.
शहर के प्रवेश मार्गों पर रहेगी रोक
रोहत नहर, पथौली नहर, रुनकता, एत्माद्दौला, खंदौली, रामबाग, तोरा चौकी, एकता चौकी और मलपुरा समेत कई रास्तों से भारी वाहन आगरा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे. सिकंदरा मंडी के ऊपर एनएच-19 से सिकंदरा चौराहे की ओर भी आवाजाही बंद रहेगी. कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक सभी वाहनों को रोक दिया जाएगा. कारगिल पेट्रोल पंप से सिकंदरा चौराहे की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे.
सुबह चार बजे से कई मार्गों पर प्रतिबंध
17 अगस्त को सुबह चार बजे से धार्मिक कार्यक्रम समाप्त होने तक भोगीपुरा से पृथ्वीनाथ फाटक तक चार पहिया और बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी. वायु विहार से पृथ्वीनाथ फाटक की तरफ भी चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे. एनएच-19 से वाटर वर्क्स चौराहे की ओर भारी वाहन और रोडवेज बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. एकता थाना और राजपुर चुंगी से राजेश्वर मंदिर की ओर भी वाहनों पर रोक रहेगी.
रात 11 बजे से नहीं खुलेगी नो एंट्री
16 और 17 अगस्त की रात 11 बजे से आगरा महानगर में सामान्य रूप से खुलने वाली नो एंट्री लागू रहेगी. इसके अलावा 16 अगस्त शाम चार बजे से 18 अगस्त को कार्यक्रम खत्म होने तक पहले जारी नो एंट्री पास और अनुमति पत्र मान्य नहीं होंगे. यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.
आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रहेगा
यातायात पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, चिकित्सा और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को सुगम रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा. पुलिस ने कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है. किसी यातायात समस्या या आपात स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन 9454457886 पर संपर्क किया जा सकता है. प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ शहर का यातायात भी व्यवस्थित बना रहे.