Abaan Ahmed Accident: डिवाइडर से टकराई कार और हवा में उछल गया आबान, 6 दिन बाद सामने आया खौफनाक वीडियो

अब हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें कार डिवाइडर से टकराकर हवा में उछलती और पलटती दिखाई दे रही है. दुर्घटना में आबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हुई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है.

@pawanks1997 X Account
Km Jaya

झांसी: अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी. अब हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद हवा में उछलकर पलटती दिखाई दे रही है. इस दुर्घटना में आबान और उसके दोस्त सोनू उर्फ जाकिर की मौत हुई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे.

सामने आए वीडियो में हाईवे पर यातायात सामान्य दिखाई देता है. इसी दौरान एक कार आगे जाती नजर आती है. अचानक वाहन सड़क से नीचे उतरता है और डिवाइडर से टकरा जाता है. टक्कर इतनी जोरदार होती है कि कार का संतुलन बिगड़ जाता है और वह हवा में उछलकर पलट जाती है.

देखें वीडियो


वीडियो में क्या दे रहा दिखाई?

वीडियो में हादसे का पूरा घटनाक्रम कुछ ही सेकंड में होता दिखाई देता है. टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी.

कहां हुआ था हादसा?

यह दुर्घटना 6 अगस्त को झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में हुई थी. आबान प्रयागराज से झांसी जा रहा था. वह झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने के लिए निकला था. हादसे में उसके दोस्त सोनू उर्फ जाकिर की भी मौत हो गई थी और तीन अन्य लोग घायल हुए थे. पुलिस ने घटना की जांच शुरू की थी.

अंतिम संस्कार में शामिल हुए दोनों भाई

आबान की मौत के बाद उसके बड़े भाई अली और उमर को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल दी गई थी. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोनों को जेल से बाहर आने की अनुमति दी थी. इसके बाद दोनों भाई पुलिस सुरक्षा में छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हुए.

आबान को प्रयागराज में उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफन किया गया. अंतिम संस्कार के दौरान अली और उमर के भावुक होने की तस्वीरें भी सामने आई थीं. हादसे का वीडियो सामने आने के बाद अब दुर्घटना के आखिरी पलों को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है.