बदायूं के निजी स्कूल में 6 वर्षीय बच्ची के साथ दर्दनाक हादसा, हाथ में पहने ब्रेसलेट का मोती निगलने से रुकी सांसें
तापसी के पिता टेकचंद का आरोप है कि उन्हें उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली. उनका कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो शायद उनकी बच्ची की जान बच सकती थी.
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के ककराला क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल 'न्यू होप्स पब्लिक स्कूल' से बेहद दुखद घटना सामने आई है. कक्षा एक में पढ़ने वाली 6 वर्षीय छात्रा तापसी की मोती निगलने से मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि बच्ची ने स्कूल में अपने हाथ में पहने ब्रेसलेट का एक छोटा मोती तोड़कर उसे मुंह में डाल लिया और चबाते हुए निगल लिया. इसी दौरान वह अचानक घुटन महसूस करने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी.
बच्ची की दर्दनाक मौत
कक्षा में मौजूद दूसरी बच्ची ने शिक्षिका को बताया कि तापसी ने मोती मुंह में डाल लिया है. इसके बाद शिक्षिका ने तुरंत स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी. स्कूल के प्रिंसिपल भूराज सिंह ने परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी. कुछ ही देर में बच्ची की दादी स्कूल पहुंची.
स्कूल प्रशासन की गाड़ी से बच्ची को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक ईएनटी विशेषज्ञ के पास भेजा गया. डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए सर्जन के पास रेफर कर दिया गया. बाद में उसे जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद बच्ची को बचाया नहीं जा सका.
पिता टेकचंद ने लगाया गंभीर आरोप
तापसी के पिता टेकचंद का आरोप है कि उन्हें उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली. उनका कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो शायद उनकी बच्ची की जान बच सकती थी. उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और मामले की निष्पक्ष जांच की बात कही है.
प्रिंसिपल भूराज सिंह ने जताया दुख
वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल भूराज सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि तापसी उनके लिए भी अपनी संतान जैसी थी. उनका कहना है कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, तुरंत परिजनों को बुलाया गया और बच्ची को अस्पताल पहुंचाने में पूरी मदद की गई. उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं, ताकि जांच में सच्चाई सामने आ सके. स्कूल प्रशासन का कहना है कि वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं.
थाना प्रभारी ने क्या बताया?
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि जिला अस्पताल से मेमो मिलने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. डॉक्टरों के पैनल द्वारा पूरी प्रक्रिया की जाएगी. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना पूरे इलाके में शोक और चिंता का विषय बनी हुई है.