ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बालकनी से नीचे गिरकर 3 साल के मासूम की मौत, ट्यूशन छोड़ने गई थी मां
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी-1 (7th एवेन्यू) की दिल दहला देने वाली घटना हो गयी है...
एनसीआर की हाईराइज सोसायटियों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गौर सिटी-1 की 7th एवेन्यू सोसायटी में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां अपने ही घर की बालकनी से गिरकर एक 3 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई है।.चंद मिनटों की गैरमौजूदगी ने एक हंसते-खेलते परिवार को जिंदगी भर का दुख दे दिया है.
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से एक निजी कंपनी में काम करने वाले संजय पाल अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ 7th एवेन्यू सोसायटी में रहते हैं. घटना मंगलवार दोपहर की है, जब संजय पाल की पत्नी अपने बड़े बेटे को पास ही ट्यूशन छोड़ने गई हुई थी. घर में 3 साल का छोटा बेटा सागनिक पाल अकेला था.
कुर्सी बनी जानलेवा
खेलते-खेलते सागनिक फ्लैट के पीछे बनी बालकनी में चला गया. वहां एक कुर्सी रखी हुई थी, जो इस जानलेवा हादसे की सबसे बड़ी वजह बन गई. मासूम बच्चा उस कुर्सी पर चढ़कर ग्रिल से नीचे झांकने लगा. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ऊंचाई से नीचे आ गिरा.
अस्पताल में तोड़ा दम
बच्चे के नीचे गिरते ही जोरदार आवाज हुई, जिसे सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और निवासी तुरंत मौके पर दौड़े. खून से लथपथ सागनिक को आनन-फानन में नजदीकी यथार्थ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस का बयान
बिसरख के एसीपी पवन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक बच्चे की पहचान सागनिक पाल के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है. इस दर्दनाक घटना के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में कुछ देर पहले बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है. इस हादसे ने सोसायटी में रहने वाले अन्य माता-पिता को भी सदमे में डाल दिया है कि एक छोटी सी चूक कितना बड़ा रूप ले सकती है.