पबजी का कर्ज चुकाने के लिए बेटे ने रची खुद के किडनैपिंग की कहानी, AI फोटो से मांगी 1 लाख की फिरौती

गोरखपुर में पब्जी के कर्ज में डूबे एक किशोर ने पिता से पैसे लेने के लिए अपने अपहरण का नाटक किया. एआई से बनाई घायल आंख की तस्वीर भेजी और पुलिस ने उसे जल्द बरामद कर लिया.

AI
Meenu Singh

गोरखपुर में एक किशोर ने ऑनलाइन गेम में पैसे गंवाने के बाद ऐसा कदम उठाया, जिसने उसके परिवार को चिंता में डाल दिया. कर्ज चुकाने के लिए उसने खुद के किडनैपिंग की कहानी बनाई और पिता से एक लाख रुपये की फिरौती मांग डाली. इतना ही नहीं, डर पैदा करने के लिए उसने AI की मदद से अपनी घायल आंख जैसी तस्वीर भी तैयार करवा ली. पिता ने घबराकर पुलिस से शिकायत की, लेकिन जांच में पूरी कहानी कुछ ही घंटों में सामने आ गई.

कर्ज चुकाने के लिए बनाया अपहरण का प्लान

पुलिस के अनुसार, किशोर 11वीं कक्षा में पढ़ता है और उसके पिता व्यापार करते हैं. गेम में पैसे हारने के बाद उस पर कर्ज बढ़ता गया और जेब खर्च भी खत्म हो गया. दोस्तों से उधार लेने के बाद उसने पिता से एक लाख रुपये लेने की योजना बनाई. इसके लिए उसने मोबाइल बंद किया और सार्वजनिक वाईफाई से पिता के व्हाट्सऐप पर फिरौती का संदेश भेजा.

AI तस्वीर से परिवार को डराया

किशोर ने पिता को ऐसी तस्वीर भेजी, जिसमें उसकी आंख घायल दिखाई दे रही थी. उसने संदेश में रकम नहीं मिलने पर और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. पूछताछ में सामने आया कि उसे खुद एआई से तस्वीर तैयार करना नहीं आता था. उसने दिल्ली में रहने वाली एक महिला मित्र से संपर्क किया और उसकी मदद से अपनी तस्वीर को एआई के जरिए बदलवाकर पिता को भेज दिया.


सवा दो घंटे में पुलिस ने खोला राज

सिकरीगंज थाने में अपहरण का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सर्विलांस के जरिए जांच शुरू की. किशोर का मोबाइल बंद था, लेकिन सार्वजनिक वाईफाई के इस्तेमाल से पुलिस को अहम सुराग मिल गया. करीब सवा दो घंटे की कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे उरुवा में उसके दोस्त के घर से बरामद कर लिया. पूछताछ में उसने गेम के कर्ज के कारण पूरी साजिश रचने की बात स्वीकार की.

गोरखपुर में पहले भी सामने आए ऐसे मामले

गोरखपुर में नाबालिगों द्वारा अपहरण की झूठी कहानी गढ़ने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. 8 जुलाई 2026 को गोरखनाथ इलाके में एक बच्चे ने नानी के घर रुकने के लिए अपहरण का शोर मचाया था. इससे पहले 30 जून को नौवीं कक्षा के एक छात्र ने भी घर से जाने के बाद परिजनों को गलत अपहरण की कहानी बताई थी.