menu-icon
India Daily

रेगिस्तान में बिछी बर्फ की सफेद चादर, बीकानेर का वायरल वीडियो देख चकराया लोगों का दिमाग; बोले- ये राजस्थान है या कश्मीर?

राजस्थान के रेगिस्तान में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
रेगिस्तान में बिछी बर्फ की सफेद चादर, बीकानेर का वायरल वीडियो देख चकराया लोगों का दिमाग; बोले- ये राजस्थान है या कश्मीर?
Courtesy: X

अगर हम आपसे कहें कि राजस्थान के धधकते रेगिस्तान में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, तो क्या आप यकीन करेंगे, शायद नहीं. इन दिनों सोशल मीडिया पर राजस्थान के बीकानेर का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने मौसम वैज्ञानिकों से लेकर आम इंटरनेट यूजर्स तक, सबके होश उड़ा दिए हैं.

रेगिस्तान में कश्मीर का अजब नजारा

यह वायरल वीडियो बीकानेर जिले के अर्जुनसर गांव का है. यहां अचानक आए तूफ़ान और भारी ओलावृष्टि के बाद पूरे खेत ओलों की मोटी सफेद परत से ढंक गए. पहली नजर में यह दृश्य किसी बर्फीले पहाड़ी टूरिस्ट स्पॉट या कश्मीर की वादियों जैसा लगता है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक वन अधिकारी ने इस हैरान करने वाले वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "यह कश्मीर नहीं है. यह बीकानेर जिले का अर्जुनसर है." इसके साथ ही अधिकारी ने बेमौसम कुदरत की मार से बर्बाद हुई फसलों पर चिंता जताते हुए सरकार से किसानों को तुरंत बीमा सहायता देने की गुहार लगाई है.

पश्चिमी विक्षोभ ने पलटा मौसम का मिजाज

रेगिस्तान में 'शिमला' जैसे इस मौसम का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है. पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश, तेज़ हवाओं और ओलावृष्टि ने जमकर कहर बरपाया है. श्री गंगानगर के पद्मपुर में सर्वाधिक 11.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है.

आगे भी जारी रहेगा मौसम का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है. आने वाले दिनों, विशेष रूप से 7 और 8 अप्रैल के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. जोधपुर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर जैसे कई संभागों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का पूर्वानुमान है. 5 और 6 अप्रैल को मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके तुरंत बाद एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ फिर से दस्तक दे सकता है.

क्लाइमेट चेंज की खौफनाक चेतावनी

इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर जलवायु परिवर्तन को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ दी है. यूजर्स हैरान हैं क्योंकि पिछले साल अप्रैल की शुरुआत में बीकानेर का तापमान 40°C को छू रहा था. वहीं आज, 4 अप्रैल को अधिकतम तापमान करीब 30°C दर्ज किया गया और साथ में ओले गिर रहे हैं. लोग मौसम के इस खतरनाक और अचानक आए बदलाव को प्रकृति की एक बड़ी चेतावनी के रूप में देख रहे हैं.