SDM काजल मीणा 60 हजार की घूस लेते गिरफ्तार, इंटरव्यू में कहा था- 'बदलूंगी लोगों की जिंदगी'; वीडियो वायरल

ST कैटेगरी राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) 2024 की टॉपर और नादौती की SDM काजल मीणा को ACB ने उनकी पहली पोस्टिंग में 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इसका वीडियो जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

X
Ashutosh Rai

राजस्थान प्रशासनिक सेवा 2024 बैच की टॉपर और नादौती की SDM काजल मीणा की कहानी अब कामयाबी की नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की मिसाल बन गई है. ST कैटेगरी राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) 2024 में पहली रैंक हासिल करने वाली काजल मीणा को एंटी करप्शन ब्यूरो ने उनकी पहली ही पोस्टिंग में रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इस घटना ने एक बार फिर सिस्टम की जड़ों में फैले भ्रष्टाचार और प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है.

जमीन के मामले में मांगी थी घूस

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा मामला जमीन से जुड़े एक विवाद में डिक्री जारी करने का है. इसके एवज में SDM काजल मीणा ने शुरुआत में 1 लाख रुपये की भारी-भरकम रिश्वत की मांग की थी. बाद में सौदेबाजी के बाद यह रकम 60 हजार रुपये तय हुई. इसमें से 50 हजार रुपये खुद SDM काजल के लिए और 10 हजार रुपये उनके रीडर दिनेश के लिए तय किए गए थे. शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया और काजल मीणा को उनके सहयोगी प्रवीण और रीडर दिनेश के साथ रंगे हाथों दबोच लिया. 

वायरल हो रहा बदलाव का झूठा दावा

गिरफ्तारी के बाद से ही सोशल मीडिया पर काजल का एक पुराना मॉक इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है. इस इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया था कि IIT से इंजीनियरिंग करने के बाद वह प्रशासनिक सेवा में क्यों आना चाहती हैं? तो उन्होंने बड़ी ही आदर्शवादी बातें करते हुए कहा था कि RAS एक प्रतिष्ठित सेवा है और वह इसके जरिए समाज में बड़ा बदलाव लाना चाहती हैं और लोगों की जिंदगी बेहतर बनाना चाहती हैं.