जयपुर: राजस्थान में 43 दिनों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद सोमवार से सरकारी और निजी स्कूल फिर से खुल गए हैं. भीषण गर्मी और लू को देखते हुए इस बार गर्मी की छुट्टियां सात दिन बढ़ाई गई थीं. पहले स्कूल 22 जून से खुलने थे, लेकिन बाद में अवकाश 28 जून तक बढ़ा दिया गया.
अब नए शैक्षणिक सत्र की नियमित पढ़ाई पूरे प्रदेश में शुरू हो गई है. इस बार राज्य सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि कम करने का प्रयास किया था, लेकिन शिक्षकों के विरोध के बाद केवल दो दिन की ही कटौती की जा सकी. इस तरह प्रदेश के स्कूलों में कुल 43 दिनों का ग्रीष्मकालीन अवकाश रहा.
राजस्थान में विभिन्न विभागों के तहत बड़ी संख्या में शिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं. शिक्षा विभाग के 21,358 स्कूल, पंचायती राज एवं स्थानीय निकायों के 43,194 स्कूल, जनजाति एवं सामाजिक न्याय विभाग के 3,087 स्कूल, 2,845 मान्यता प्राप्त मदरसे, संस्कृत शिक्षा विभाग के 1,839 स्कूल, 134 स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, 178 केजीबीवी एवं छात्रावास, 32 अल्पसंख्यक कार्य विभाग के स्कूल, मेवात क्षेत्र के 10 स्कूल और 7 आवासीय विद्यालय प्रदेश में संचालित हैं.
शिक्षा विभाग ने पूरे शैक्षणिक सत्र का अकादमिक कैलेंडर भी जारी कर दिया है. जुलाई महीने में रविवार के अलावा कोई सार्वजनिक अवकाश नहीं रहेगा. कक्षा 9 से 12 तक प्रवेश की अंतिम तिथि 11 जुलाई तय की गई है. 17 से 19 अगस्त तक सेकंड टेस्ट आयोजित होंगे. इसी दौरान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदन भी शुरू होंगे. 20 और 21 अगस्त को जिला स्तरीय तथा 27 से 29 अगस्त तक राज्य स्तरीय सब जूनियर नेहरू हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस भी मनाया जाएगा.
सितंबर में सरकारी स्कूल लगातार पांच दिन बंद रहेंगे. 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, 5 सितंबर को शिक्षक दिवस और 8 सितंबर को विश्व साक्षरता दिवस मनाया जाएगा. 18 और 19 सितंबर को शिक्षक सम्मेलन के कारण अवकाश रहेगा. 20 सितंबर को रविवार और 21 सितंबर को श्रीरामदेव जयंती, तेजा दशमी तथा खेजड़ली शहीद दिवस का अवकाश रहेगा. इसके बाद स्कूल 22 सितंबर को खुलेंगे.
अक्टूबर से स्कूलों के समय में बदलाव होगा. एक पारी वाले स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और दो पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होंगे. 15 से 29 अक्टूबर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं होंगी.
नवंबर में दीपावली अवकाश 4 से 15 नवंबर तक रहेगा. 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती और 27 से 28 नवंबर तक राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मेलन के कारण स्कूल बंद रहेंगे. दिसंबर में 17 से 19 दिसंबर तक थर्ड टेस्ट होंगे. जनवरी में 1 से 10 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा. फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, जबकि 8 से 20 मार्च तक वार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी और 25 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे.