राजस्थान के 'राजा रघुवंशी' मर्डर केस में बड़ा खुलासा, शादी के 3 महीने बाद पत्नी ने वेटर प्रेमी के लिए पति की कराई हत्या
मेघालय में हनीमून के दौरान राजा रघुवंशी की मर्डर मिस्ट्री से तो हर कोई वाकिफ है. अब राजस्थान में भी ऐसा ही मामला सामने आया है. जिसमें पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की खौफनाक साजिश रची. अब इस केस में नया मोड़ आया है.
राजस्थान: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जो मध्य प्रदेश के राजा रघुवंशी हनीमून मर्डर से काफी मिलता-जुलता है. यहां शादी के महज तीन महीने बाद ही पत्नी ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर पति की निर्मम हत्या कर दी. पुलिस ने इस साजिश का पर्दाफाश कर आरोपी पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पूरा मामला रिश्तों की बेवफाई और अंधे प्यार की कहानी है, जिसने परिवारों को सदमे में डाल दिया है.
फिर दोहराई गई 'राजा रघुवंशी' जैसी मर्डर मिस्ट्री!
घटना श्रीगंगानगर के रावला थाना क्षेत्र के 1-केएलएम गांव की है. 27 वर्षीय आशीष कुमार की शादी 30 जनवरी 2025 को अंजलि उर्फ अंजू से हुई थी. अंजलि सादुलशहर की रहने वाली है और एमकॉम की पढ़ाई कर रही थी. आशीष ने जियोलॉजी में एमएससी किया था और बीएड कर रहा था. वह प्राइवेट टीचर था. आशीष के माता-पिता नहीं थे, इसलिए चाचा-चाची ने उसे गोद लिया और बड़े प्यार से पाला. दोनों परिवारों ने सोच-समझकर यह रिश्ता तय किया था, सब कुछ परफेक्ट लग रहा था. लेकिन अंजलि इस शादी से खुश नहीं थी.
वेटर प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश
अंजलि का पुराना प्रेम संजय उर्फ संजू से था, जो शादियों-समारोहों में कैटरिंग में वेटर का काम करता है.संजू अनपढ़ और बेरोजगार बताया जा रहा है, उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था. शादी के बाद अंजलि जब मायके गई, तो उसने संजू से दोबारा संपर्क किया. दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची. संजू ने अपने दो दोस्तों रोहित उर्फ रॉकी और बादल को भी शामिल किया.
अंजलि ने पुलिस को बताया लूट का मामला
30 जनवरी की रात खाना खाने के बाद अंजलि ने आशीष को टहलने का बहाना बनाकर सुनसान सड़क पर ले गई. पहले से छिपे संजू और उसके साथी वहां मौजूद थे. अंजलि ने इशारा किया और आरोपियों ने आशीष पर डंडों से हमला किया. फिर मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद अंजलि ने खुद को बेहोश दिखाया और गहने लूटे जाने का झूठा दावा किया. इसे हिट एंड रन और लूट का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई.
कॉल डिटेल्स, मोबाइल रिकॉर्ड से हुआ खुलासा
आशीष को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस को शुरू में शक हुआ क्योंकि पोस्टमार्टम में गला घोंटने और पिटाई के निशान मिले. अंजलि के शरीर पर कोई चोट नहीं थी. कॉल डिटेल्स, मोबाइल रिकॉर्ड और तकनीकी जांच से साजिश का खुलासा हुआ. अंजलि ने कबूल लिया कि वह संजू से प्यार करती थी और आशीष को रास्ते से हटाना चाहती थी. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. परिवार सदमे में है.