IPL 2026

'हेलो, जीजा जी मैं आपकी साली....', लड़की की आवाज में बात कर ठगी करता था व्यक्ति, पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजस्थान से अजीब मामला सामने आया है. जिसमें एक शातिर ठग सोशल मीडिया की मदद से कई लोगों का पैसा ठग चुका था. इसके लिए वह लड़की की आवाज में बात करता था.

AI
Shanu Sharma

डिजिटल दुनिया में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. राजस्थान के सवाई माधोपुर में डिजिटल ठगी का एक अजीब मामला सामने आया है. इस मामले में एक शातिर ठग लोगों के सोशल मीडिया को पहले खंगालता है और फिर उससे पैसे निकलवा लेता है. 

मामले की जानकारी के मुताबिक पहले आरोपी अपने टारगेट व्यक्ति के बारे में सोशल मीडिया पर पूरी जानकारी निकालता था और फिर उसके पारिवारिक पोस्ट को खंगालता था. फिर पूरी जांच-पड़ताल के बाद उससे रिश्ता जोड़कर जाल बिछाता था और ठगी को अंजाम देता था.

पुलिस ने दी मामले की पूरी जानकारी

मिल रही जानकारी के मुताबिक आरोपी पहले फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ऐसे लोगों की जानकारी निकालता था, जिनकी शादी तय हुई हो. फिर वह व्यक्ति उसके रिश्तेदारों के बारे में पता करता था. जब सारे डिटेल्स निकल जाते थे तो वह लड़की की आवाज में उस इंसान को कॉल करता था, जिसकी शादी होने वाली थी. वह कॉल पर खुद को लड़की की बहन यानी साली बताता था और उससे लंबी-लंबी बातें करता था. पुलिस का कहना है कि जब व्यक्ति पूरी तरह से फंस जाता था तो उससे अपने अकाउंट में पैसे मंगवाए जाते थे और फिर उसे ब्लॉक कर देता था. मामले के बारे में पता चलते ही पुलिस ने मुख्य आरोपी को बारां जिले से गिरफ्तार कर लिया है. 

साइबर हेल्पलाइन पर पहले से कई शिकायत

अधिकारी की ओर से बताया गया कि आरोपी के बैंक अकाउंट्स से ऐसे कई लोगों की सूची मिली है. जिससे यह पता चल रहा है कि उसने कई व्यक्तियों से पैसे लिए हैं. जब मामले की जांच विस्तार से शुरू की गई तो पता चला कि इस फोन नंबर के खिलाफ साइबर हेल्पलाइन नंबर पर 10 शिकायतें दर्ज की गई हैं.

पूरी जानकारी के सामने आते ही तलाशी शुरू कर दी गई और मुख्य आरोपी नरेंद्र सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि उसका साथी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक यह व्यक्ति पहले भरोसा जीतता था और फिर अपने टारगेट से पैसे मंगवाता था और फिर जब पैसे आ जाएं तो वह फरार हो जाता था.