राजस्थान में प्रचंड गर्मी का कहर, 41 डिग्री के भी पार पहुंचा तापमान, हीटवेव से लोग परेशान
राजस्थान में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है. जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कुछ इलाकों में अभी ही पारा 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है.
राजस्थान में प्रचंड गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. अप्रैल महीना अभी आधा ही बिता है और अभी से ही गर्मी ने रौद्र रुप दिखाना शुरू कर दिया. तेज धूप, सूखी हवाएं और लगातार बढ़ते पारा के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है.
पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तो तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि पूरे प्रदेश में गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
राज्य के इन इलाकों में सबसे ज्यादा गर्मी
राज्य के अधिकांश इलाकों में बुधवार को तेज गर्मी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में पड़ी, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं कोटा में 41.5 डिग्री, जबकि जैसलमेर और चूरू में 40.5 डिग्री तक तापमान पहुंच गया. चित्तौड़गढ़ में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा. अभी अप्रैल महीना पूरा गुजरा भी नहीं है और दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है. खासकर शहरों में गर्मी और उमस ने लोगों को घरों के अंदर रहने को मजबूर कर दिया है. दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और जरूरी काम के अलावा लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में ऐसी राहत मिलने की संभावना कम है.
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पश्चिमी राजस्थान में लू चलने लगी है. 17 अप्रैल से कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका है. 17 अप्रैल को श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बाड़मेर में यलो अलर्ट रहेगा. 18 अप्रैल को श्रीगंगानगर और बाड़मेर में लू का असर और बढ़ सकता है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें और छायादार जगहों पर रहने की कोशिश करें. विशेषज्ञों का मानना है कि अप्रैल के इस हिस्से में इतना अधिक तापमान चिंताजनक है. यह आने वाले गर्मी के मौसम के लिए खराब संकेत है. मई और जून में तापमान और बढ़ सकता है तथा हीटवेव की अवधि लंबी हो सकती है.
और पढ़ें
- फरीदाबाद में कई मांगो को लेकर सड़क पर उतरे श्रमिक, हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में 23 प्रदर्शनकारी
- तेज रफ्तार कार में फुल साउंड कर सनरूफ से निकलकर...अर्धनग्न होकर किया स्टंट, कट गया ₹21500 का चालान; देखें वायरल वीडियो
- रामायण में नहीं होगी ‘राम-रावण’ की टक्कर, कन्नड़ सुपरस्टार ने खोल दिए भेद, रणबीर से भिड़ने के लिए करना होगा इंतजार