राजस्थान में आधी रात आया बड़ा आदेश, 178 RAS अफसरों की बदली से मचा प्रशासनिक हलचल

राजस्थान सरकार ने 178 RAS अधिकारियों के तबादले करते हुए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. 12 एपीओ अधिकारियों को पोस्टिंग दी गई है, जबकि 5 तबादले रद्द किए गए हैं.

Pinterest
Km Jaya

जयपुर: राजस्थान सरकार ने आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 178 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस सूची में कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जबकि 12 एपीओ अधिकारियों को नई पोस्टिंग दी गई है. साथ ही 5 अधिकारियों के पुराने तबादला आदेश भी निरस्त कर दिए गए हैं.

इस फेरबदल के दौरान राजस्थान बीज निगम को नया प्रबंध निदेशक (MD) मिला है. वर्तमान में राजस्थान स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत गौरव चतुर्वेदी को बीज निगम का नया एमडी नियुक्त किया गया है. हाल के दिनों में बीज निगम रिश्वतखोरी से जुड़े मामले को लेकर चर्चा में रहा है, ऐसे में यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

करीब साढ़े पांच साल से एपीओ चल रहीं आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. वे हाईवे घूसकांड मामले में 2021 से निलंबित थीं. हाल ही में अदालत के आदेश के बाद बहाल किए जाने के बाद उन्हें एपीओ किया गया था. अब उन्हें सवाई माधोपुर में लोक सेवा एवं प्रशासनिक सुधार समन्वय विभाग में सहायक निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है.


और कहां-कहां हुए बदलाव?

सरकार ने मंत्रियों के विशिष्ट सहायकों (SA) में भी बदलाव किया है. चर्चित आरएएस अधिकारी डॉ. विभु कौशिक को स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का विशिष्ट सहायक बनाया गया है. इससे पहले वे राज्य बीमा एवं प्रावधान नीति विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे. विभु कौशिक पहले राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं.

स्वास्थ्य मंत्री के वर्तमान एसए बलवंत सिंह लिग्री का तबादला राजस्थान स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन में कार्यकारी निदेशक के पद पर किया गया है. वहीं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के विशिष्ट सहायकों को भी बदला गया है.

राज्यपाल सचिवालय में भी बदलाव

राज्यपाल सचिवालय में भी बदलाव किया गया है. राज्यपाल के उप सचिव चंदन दुबे को नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि उप सचिव मुकेश कुमार कलाल को ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी का एसए बनाया गया है.

सरकार ने कुछ पुराने तबादला आदेश भी रद्द किए हैं. मई 2026 में किए गए चार अधिकारियों के तबादले वापस ले लिए गए हैं. इसके अलावा मोहम्मद ताहिर का सितंबर 2025 में किया गया तबादला भी करीब नौ महीने बाद निरस्त कर दिया गया है, जो प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है.

उच्च शिक्षा क्षेत्र में भी बदलाव 

उच्च शिक्षा क्षेत्र में भी बदलाव देखने को मिला है. विभिन्न विश्वविद्यालयों में नए रजिस्ट्रार नियुक्त किए गए हैं. अनुराग भार्गव को वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा, मुरलीधर प्रतिहार को कोटा विश्वविद्यालय, चंद्रभान सिंह भाटी को जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर और राजू लाल गुर्जर को राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय जयपुर का रजिस्ट्रार बनाया गया है.