जयपुर: राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू यानी H1N1 वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के मेडिकल ICU में भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रशासन मंत्री की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है.
किरोड़ी लाल मीणा के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब दिल्ली में भी इन्फ्लूएंजा के मामलों में तेजी देखी जा रही है. राजधानी में मौसमी इन्फ्लूएंजा और H1N1 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है.
#WATCH | Jaipur: Rajasthan Agriculture Minister Dr. Kirodi Lal Meena has been admitted to the Medical ICU ward at Sawai Man Singh (SMS) Hospital in Jaipur after testing positive for Swine Flu (H1N1).
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) August 25, 2026
(Source: Kirodi Lal Meena's office) pic.twitter.com/xjTKdi5Y0W
दिल्ली में इस साल अब तक इन्फ्लूएंजा के करीब 3,000 मामले सामने आए हैं. इनमें 2,308 मामले H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के बताए गए हैं. बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग, दिल्ली नगर निगम, NDMC और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात समीक्षा बैठक की.
बैठक के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि सरकार स्थिति पर नजर रख रही है. उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ और जरूरी दवाओं की कमी नहीं है. उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की.
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार दिल्ली के अस्पतालों में इन्फ्लूएंजा और स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं और स्वस्थ होने के बाद घर भी लौट रहे हैं. सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर किसी अस्पताल में मरीज को बेड उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो शिकायत मिलने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
स्वाइन फ्लू में आम तौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. कुछ मामलों में संक्रमण गंभीर भी हो सकता है. तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द या भ्रम जैसी स्थिति होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है.
किरोड़ी लाल मीणा के संक्रमित होने के बाद राजस्थान में भी इस संक्रमण को लेकर लोगों की चिंता बढ़ सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी, हाथों की साफ सफाई और संक्रमण के लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना महत्वपूर्ण है.