भिवाड़ी की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार; राहत कार्य जारी

राजस्थान के भिवाड़ी में प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार को भीषण आग लग गई. आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक नजर आया. दमकल की छह से अधिक गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, जबकि आग लगने की वजह और फैक्ट्री में हुए नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है.

ANI
Shanu Sharma

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में शुक्रवार को एक प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से उठती लपटें व धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा. 

हादसा रामपुरा मुंडाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित रितेश इंडस्ट्रीज में हुआ. फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना तैयार किया जाता है. आग लगने के बाद परिसर से तेज लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते धुआं पूरे इलाके में फैलता नजर आया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में भी हलचल बढ़ गई.

छह से ज्यादा दमकल गाड़ियां जुटीं

मिल रही जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक से जुड़ी सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैली है. इसकी तीव्रता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. फिलहाल छह से अधिक दमकल वाहन आग बुझाने के अभियान में लगाए गए हैं. फायरकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं.


दमकल टीमों का मुख्य प्रयास आग को फैक्ट्री के अन्य हिस्सों तक पहुंचने से रोकना है. साथ ही आसपास मौजूद औद्योगिक इकाइयों को भी आग की चपेट में आने से बचाने की कोशिश की जा रही है. इस घटना की वजह से आसपास के लोगों में भी टेंशन का माहौल है. अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के साथ आग की स्थिति और आसपास के क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं. फिलहाल राहत की बात यह है कि घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं होने के कारण नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो पाया है.

आग लगने की वजह का पता नहीं

फैक्ट्री में आग किस कारण से लगी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. शुरुआती जांच में किसी निश्चित वजह की जानकारी सामने नहीं आई है.अधिकारियों के मुताबिक, आग पूरी तरह बुझने के बाद घटनास्थल की जांच की जाएगी, जिसके आधार पर आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सकेगा. इसके बाद फैक्ट्री को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा और घटना की विस्तृत जांच आगे बढ़ाई जाएगी.