जयपुर: राजस्थान के जयपुर में एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है. सवाई मान सिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज के एक रेजिडेंट डॉक्टर सोमवार को अपनी कार में मृत पाए गए. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत की असली वजह अभी तक साफ नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण पता चल पाएगा.
मृतक की पहचान 37 वर्षीय डॉक्टर संदीप कुमार शर्मा के रूप में हुई है. वे झुंझुनू जिले के उदयपुरवाटी के रहने वाले थे. डॉक्टर संदीप शर्मा एसएमएस मेडिकल कॉलेज के डर्मेटोलॉजी विभाग में रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में काम कर रहे थे. वे काफी मेहनती और लोकप्रिय डॉक्टर माने जाते थे.
सोमवार सुबह डॉक्टर संदीप अपनी कार लेकर फ्रंटियर कॉलोनी स्थित आदर्श नगर पहुंचे थे. उनकी कार एक मकान के बाहर खड़ी थी. सुबह से ही कार उसी जगह खड़ी थी. कई घंटे तक कार न हिलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ. दोपहर करीब 1 बजे जब लोगों ने कार के अंदर झांका तो वे हैरान रह गए. डॉक्टर ड्राइवर सीट पर बेहोश हालत में पड़े हुए थे. उनके मुंह के आसपास झाग और कुछ तरल पदार्थ भी दिखाई दे रहा था.
सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. कार अंदर से बंद थी, इसलिए पुलिस को सामने की खिड़की का शीशा तोड़ना पड़ा. इसके बाद डॉक्टर को कार से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि मौके से मिले सबूतों की जांच की जा रही है. अभी तक मौत का कोई स्पष्ट कारण नहीं पता चला है. आत्महत्या, हृदयाघात या कोई और वजह हो सकती है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. डॉ. संदीप शर्मा की मौत की खबर सुनकर मेडिकल कॉलेज और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. उनके सहकर्मी और मरीज उन्हें याद कर रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.