राजस्थान की सियासत में Gen-Z का जलवा, निकाय चुनाव में 21 साल की नेहा शर्मा और फैज हसन बने पार्षद

राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में Gen-Z की मजबूत एंट्री देखने को मिली है. अलवर की थानागाजी नगर पालिका से 21 साल 4 माह की बीजेपी उम्मीदवार नेहा शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी को 101 वोटों से हराकर जीत दर्ज की.

@DeepakT06147756 X Account
Km Jaya

जयपुर: राजस्थान के हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में युवाओं ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है. खास तौर पर Gen-Z के दो चेहरों ने कम उम्र में चुनाव जीतकर सबका ध्यान खींचा है. अलवर जिले की थानागाजी नगर पालिका से 21 साल 4 माह की नेहा शर्मा ने पार्षद पद का चुनाव जीतकर इतिहास रचा है.

वहीं जयपुर नगर निगम के वार्ड 71 से 21 वर्षीय फैज हसन ने भी जीत दर्ज कर राजनीति में अपनी जगह बनाई है. दोनों युवा प्रत्याशियों की जीत को निकाय स्तर की राजनीति में युवाओं की बढ़ती दिलचस्पी और भागीदारी के तौर पर देखा जा रहा है. कम उम्र में जनप्रतिनिधि बनने की यह उपलब्धि राजस्थान की स्थानीय राजनीति में नई पीढ़ी की दस्तक का संकेत दे रही है.

नेहा शर्मा ने 101 वोट से दर्ज की जीत

अलवर की थानागाजी नगर पालिका से बीजेपी की उम्मीदवार नेहा शर्मा ने अपनी निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी को 101 वोटों से हराया. इस जीत को थानागाजी में भाजपा प्रत्याशियों की बड़ी जीतों में गिना जा रहा है. राजनीति में आने से पहले नेहा करीब चार साल तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थीं. इस दौरान वे जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाती रही हैं. अब चुनाव जीतने के बाद वे खुद जनप्रतिनिधि के तौर पर लोगों की समस्याओं को उठाएंगी. जीत के बाद थानागाजी नगर पालिका के चेयरमैन पद की संभावित दौड़ में भी उनका नाम चर्चा में है.


फैज हसन भी बने सबसे युवा पार्षदों में शामिल

जयपुर नगर निगम के वार्ड 71 से कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे 21 वर्षीय फैज हसन ने भी जीत दर्ज की. उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद सलीम को हराया. सलीम को 5,256 वोट मिले, जबकि बीजेपी की उम्मीदवार निशा गौड़ तीसरे स्थान पर रहीं.

जयपुर जैसे बड़े नगर निगम में इतनी कम उम्र में चुनाव जीतना फैज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. उनकी जीत ने स्थानीय राजनीति में युवा चेहरों की भूमिका को लेकर चर्चा तेज कर दी है.

जयपुर में BJP को स्पष्ट बहुमत

जयपुर नगर निगम में बीजेपी ने कुल 150 वार्डों में 78 सीटों पर जीत दर्ज की है. इसके साथ ही पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया. कांग्रेस को 53 सीटें मिलीं, जबकि 15 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की. फिलहाल 146 वार्डों के आधिकारिक परिणाम सामने आए हैं. बाकी 4 वार्डों के 5 बूथों पर री-पोलिंग होनी बाकी है.

कई दिग्गजों को भी मिली हार

चुनाव में कई चर्चित नेताओं को हार का सामना करना पड़ा. पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल, जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं, वार्ड 110 से चुनाव हार गईं. उन्हें कांग्रेस की सुनीता मेठी ने शिकस्त दी. वहीं वार्ड 76 से बीजेपी के पुनीत कर्णावत ने जीत दर्ज की. उन्हें जयपुर के अगले मेयर पद की दौड़ में बताया जा रहा है. वार्ड 87 से मुख्यमंत्री के OSD की पत्नी प्रतिभा शर्मा ने जीत हासिल की.

वार्ड 146 में कौन बना विजेता?

वार्ड 146 में AIMIM-RLP की संयुक्त उम्मीदवार फिरोज बानो विजेता बनीं. सबसे बड़े अंतर की जीत वार्ड 113 में देखने को मिली, जहां निर्दलीय प्रत्याशी गजनफर अली ने 10,014 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की. मतगणना के दौरान वार्ड 20 में दोबारा गिनती की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा भी किया. बाद में मामला शांत कराया गया. हालांकि इन तमाम सियासी घटनाक्रमों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा युवा विजेताओं नेहा शर्मा और फैज हसन की हो रही है.