अजमेर में आग का तांडव, माखुपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में तीन फैक्ट्रियां जलकर खाक, इमारत भी ढही

अजमेर के माखुपुरा औद्योगिक क्षेत्र में भीषण आग लगने से प्लास्टिक गोदाम सहित तीन फैक्ट्रियां चपेट में आ गईं. आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं. चलिए जानते हैं क्या है आग लगने की वजह.

@ANI_MP_CG_RJ X Account
Km Jaya

अजमेर: राजस्थान के अजमेर में माखुपुरा रेल बाड़िया स्थित सुंदर नगर औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. 

आग ने प्लास्टिक गोदाम सहित तीन फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आग की ऊंची लपटें तथा धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया.


वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?

वहां मौजूद लोगों के मुताबिक फैक्ट्रियों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के पाइप और पाइप निर्माण से जुड़ा सामान रखा हुआ था. ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. कुछ ही समय में आग ने आसपास के हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हालात गंभीर हो गए.

कैसी थी वहां की स्थिति?

मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्रियों में लगे अग्निशमन यंत्र प्रभावी साबित नहीं हो सके. आग लगातार बढ़ती गई और दमकल विभाग के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई.

क्या लिया गया एक्शन?

सूचना मिलते ही प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग पर काबू पाने के लिए 12 से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया. दमकल कर्मी कई घंटों से लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं. आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन और वाहन भी बुलाए गए.

बचाव और राहत कार्य को तेज करने के लिए जेसीबी मशीनों और क्रेन की मदद ली जा रही है. भारी मशीनरी के जरिए फैक्ट्रियों के अंदर मौजूद सामान को हटाया जा रहा है ताकि आग को फैलने से रोका जा सके और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में आसानी हो.

कैसे लगी आग?

इस भीषण आग के दौरान एक फैक्ट्री की इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया. इमारत के ढहने से नुकसान और बढ़ गया है. हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है. प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम कर रही हैं.

आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल दमकल विभाग की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और किसी भी संभावित खतरे को टालना है.