कोटा में छात्रा से छेड़छाड़, पीछा कर कार में बैठाने की कोशिश, पकड़े जाने पर लोगों पर चढ़ाई कार
कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक कोचिंग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और पीछा करने का गंभीर मामला सामने आया है. छात्रा के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि पिछले तीन-चार दिनों से एक युवक अलग-अलग कारों से उसका पीछा कर रहा था.
कोटा: कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक कोचिंग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और पीछा करने का गंभीर मामला सामने आया है. छात्रा के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि पिछले तीन-चार दिनों से एक युवक अलग-अलग कारों से उसका पीछा कर रहा था. कभी सफेद क्रेटा तो कभी काली थार कार से वह छात्रा के पीछे आता देखा गया.
कोटा में छात्रा से छेड़छाड़
परिजनों के अनुसार एक दिन रास्ते में युवक ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन अपनी कार में बैठाने की कोशिश की. छात्रा किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भाग निकली और घर पहुंचकर परिवार को पूरी घटना बताई. इसके बाद परिवार बोरखेड़ा थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी.
पीछा कर कार में बैठाने की कोशिश
घटना कोटा के स्वराज अपना घर, मानपुरा क्षेत्र की बताई जा रही है. छात्रा यहां परिवार के साथ रहती है और रोजाना कोचिंग संस्थान पढ़ने जाती है. परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध युवक अलग-अलग वाहनों से उसका पीछा कर रहा था. छात्रा को रास्ते में कई बार युवक नजर आने के बाद परिवार ने मामले को गंभीरता से लिया.
Also Read
शिकायत दर्ज होने के बाद कॉलोनी के लोगों को भी घटना की जानकारी मिली. लोगों ने संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की. आरोप है कि घिरने पर चालक ने लोगों पर कार चढ़ाने की कोशिश की और फिर वहां से फरार हो गया. परिवार ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध वाहन का नंबर भी सौंप दिया है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में कोचिंग छात्राओं की सुरक्षा को लेकर यह घटना चिंता का विषय बन गई है. पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी हुई है और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.