West Bengal Assembly Election 2026 US Israel Iran War

कर्ज में डूबे किसान को पड़ा दिल का दौरा, मंडी में फसल का कम रेट सुन लगा धक्का, मौके पर हुई मौत

मंडी में गेहूं बेचने गए एक किसान को फसल का कम भाव सुनते ही हार्ट अटैक आ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक किसान की पहचान हंसराज वैष्णव के रूप में हुई है. वे झाड़ आमली गांव के रहने वाले थे.

x
Antima Pal

राजस्थान: कोटा में एक दुखद घटना ने किसानों की परेशानी को फिर से उजागर कर दिया है. मंडी में गेहूं बेचने गए एक किसान को फसल का कम भाव सुनते ही हार्ट अटैक आ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक किसान की पहचान हंसराज वैष्णव के रूप में हुई है. वे झाड़ आमली गांव के रहने वाले थे. हंसराज भामाशाह मंडी (एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी) में गेहूं बेचने के लिए खड़े थे. जैसे ही उन्हें अपनी फसल का कम रेट पता चला, वे अचानक बेहोश हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

क्या था पूरा मामला?

हंसराज ने इस साल 10 बीघा जमीन किराए पर लेकर गेहूं की फसल बोई थी. उनकी अपनी केवल 4 बीघा जमीन है. बीते दिनों हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई थी. इसके बावजूद वे उम्मीद लेकर पिकअप वैन में गेहूं लेकर मंडी पहुंचे थे. मंडी में जब उन्हें बताया गया कि गेहूं का भाव बहुत कम है, तो वे बेहद तनाव में आ गए. इसी तनाव के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई. 

हंसराज के भांजे प्रवीण ने बताया कि उनके मामा पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था. पिछले साल उनकी सोयाबीन की फसल भी खराब हो गई थी. इस बार गेहूं की फसल बर्बाद होने और कम भाव मिलने से वे बहुत परेशान थे. वे किसी बीमारी से भी नहीं जूझ रहे थे.

पुलिस की जांच

अनंतपुरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एसआई घमंडी लाल ने बताया कि मंडी में खड़े किसान अचानक बेहोश हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है. 

किसानों की बढ़ती परेशानी

यह घटना किसानों की मजबूरी को दिखाती है. फसल खराब होने, कर्ज के बोझ और मंडी में कम भाव मिलने से कई किसान मानसिक तनाव झेल रहे हैं. हंसराज जैसी घटनाएं किसानों की दुर्दशा को उजागर करती हैं. परिवार अब मृतक किसान के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है. पूरे इलाके में इस घटना से शोक की लहर फैल गई है.