Weather IMD

ईद पर जयपुर में दिखी भाईचारे की अनोखी तस्वीर, हिंदूओं ने नमाजियों पर बरसाए फूल, वीडियो में देखें नजारा

राजस्थान के जयपुर में ईद के मौके पर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच अनोखा भाईचारा देखने को मिला है. नमाज के दौरान हिंदू समुदाय ने फूल बरसाकर एकता और प्रेम का संदेश दिया.

X
Babli Rautela

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में ईद के मौके पर एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है. ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचे मुस्लिम समुदाय के लोगों पर हिंदू समुदाय के लोगों ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया है. यह आयोजन हिंदू मुस्लिम एकता समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसने समाज में प्रेम और सौहार्द का संदेश फैलाया.

सुबह जब ईद की नमाज अदा की जा रही थी, उसी दौरान हिंदू समुदाय के सदस्य वहां पहुंचे और नमाजियों पर फूल बरसाए. इस नजारें ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया. लोग एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए. यह नजारा सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देश की असली ताकत बता रहे हैं.

चांद दिखते ही शुरू हुई खुशियां

ईद से पहले जैसे ही चांद दिखाई दिया, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई. बाजारों में रौनक बढ़ गई और लोग खरीदारी के लिए उमड़ पड़े. सेवइयों, इत्र और नए कपड़ों की दुकानों पर भीड़ देखने को मिली. बच्चों में खास उत्साह नजर आया. वे देर रात तक अपनी तैयारियों में जुटे रहे.


ईद केवल एक त्योहार नहीं बल्कि एक भावना है. यह दिन हमें मोहब्बत, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख देता है. रमजान के पूरे महीने रोजे रखने के बाद ईद का दिन खुशी और सुकून लेकर आता है. इस दिन लोग फितरा और जकात देकर यह सुनिश्चित करते हैं कि समाज का हर व्यक्ति इस खुशी में शामिल हो सके.

एकता का संदेश बना मिसाल

जयपुर में जो दृश्य देखने को मिला, वह आज के समय में बेहद खास है. जहां अक्सर समाज में मतभेद की खबरें सामने आती हैं, वहीं इस तरह की घटनाएं उम्मीद जगाती हैं. हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर यह दिखा दिया कि इंसानियत सबसे बड़ी पहचान है. देश के अलग अलग हिस्सों में ईद का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. मस्जिदों में नमाज अदा की जा रही है और लोग एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दे रहे हैं. हर तरफ खुशियों का माहौल है और लोग इस दिन को खास बनाने में जुटे हैं.