चुरू में SUV और डंपर की जोरदार टक्कर, 3 लोगों की जलकर हुई मौत; 5 घायल
राजस्थान के चुरू जिले में एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें महिंद्रा बोलेरो SUV की एक डंपर ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई. इसमें 3 लोगों की मौत और 5 लोग घायल हो गई.
चूरू: राजस्थान के चुरू जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है. इस सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. बता दें कि यह घटना हमीरवास पुलिस थाने के अंतर्गत थिरपाली टोल प्लाजा के पास पिलानी-सादुलपुर सड़क पर हुई. इस दौरान एक महिंद्रा बोलेरो SUV की एक डंपर ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई. एसयूवी पिलानी में एक शादी से लौट रही थी.
यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों व्हीकल्स में तुरंत आग लग गई. आग देखते ही स्थानीय लोग आग बुझाने के लिए दौड़कर आ गए, लेकिन तीन यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई. जो लोग घायल हैं, उन्हें पिलानी के बिरला पब्लिक अस्पताल ले जाया गया. फिर बेहतर इलाज के लिए इन्हें जयपुर के एक अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया.
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीमें:
हादसे का पता चलते ही पुलिस और दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू में लिया. सड़क कुछ समय के लिए बंद कर दी गई थी, जिससे ट्रैफिक जाम लग गया. अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान करना मुश्किल है, क्योंकि शव बुरी तरह जल गए थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ड्राइवरों तथा गवाहों से पूछताछ कर रही है.
बता दें कि यह दुर्घटना पिछले महीने जालौर जिले में हुई एक अन्य घटना जैसी ही है. जहां एक फ्यूल टैंकर पलट गया था और उसमें आग लग गई थी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.