स्क्रीन के पीछे छिपा था ISIS का खूंखार चेहरा, जोधपुर से 19 साल का जीशान गिरफ्तार; युवाओं को जिहाद की आग में झोंकता था आरोपी
राजस्थान के जोधपुर से ISIS से जुड़े डिजिटल जिहाद का एक नया मामला सामने आया है. 19 वर्षीय जीशान को आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया. वह सोशल मीडिया पर युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित कर रहा था.
राजस्थान के जोधपुर शहर में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस ने ISIS के डिजिटल नेटवर्क से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है. यह युवक स्क्रीन के पीछे छिपकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए कट्टरपंथ फैला रहा था. आंध्र प्रदेश पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की. मामला युवाओं को ऑनलाइन जाल में फंसाने की बढ़ती प्रवृत्ति को उजागर करता है. जांच से पता चला कि आरोपी लंबे समय से सक्रिय था और सबूत मिटाने की कोशिश भी की थी.
विजयवाड़ा कनेक्शन से खुलासा
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में ISIS से जुड़े एक युवक की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में जोधपुर के जीशान का नाम सामने आया. सदर बाजार थाना पुलिस ने संयुक्त टीम के साथ मंगलवार शाम को कार्रवाई की. 19 वर्षीय जीशान नई सड़क इलाके का रहने वाला है. प्रारंभिक जांच में उसकी ऑनलाइन गतिविधियां कट्टरपंथी पाई गईं.
डिजिटल प्लेटफॉर्म बने हथियार
जीशान विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑनलाइन ग्रुप्स में ISIS से प्रेरित वीडियो और कंटेंट शेयर करता था. उसका मकसद युवाओं को धीरे-धीरे चरमपंथ की ओर ले जाना था. वह BENX नाम के ग्रुप से जुड़ा था जहां नियमित रूप से ऐसी सामग्री प्रसारित होती थी. पुलिस को उसके डिवाइस से डिलीट किए गए डेटा भी रिकवर हो गए.
परीक्षा पास कर बना एडमिन
जीशान को ग्रुप एडमिन बनाने से पहले आंध्र प्रदेश के एक हैंडलर ने उसकी विचारधारा की परीक्षा ली. परीक्षा पास करने के बाद उसे जोधपुर क्षेत्र का जिम्मा सौंपा गया. वह लोगों को ग्रुप में जोड़कर कट्टरपंथी मैसेज भेजता था. गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उसने ग्रुप छोड़ दिया लेकिन पुलिस ने सब कनेक्शन उजागर कर दिए.
स्थानीय नेटवर्क की तलाश
अब जोधपुर पुलिस जीशान के स्थानीय संपर्कों और अन्य सहयोगियों की जांच कर रही है. उसके मोबाइल और डिजिटल डिवाइसेज की फॉरेंसिक जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि यह एक बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है जो कई राज्यों में फैला है. डिजिटल जिहाद का यह खतरा युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चिंता का विषय है.
और पढ़ें
- पति ने की पत्नी की हत्या को हादसा बताने की साजिश, 4 महीने बाद जानें कैसे हुआ खौफनाक मर्डर केस का खुलासा
- अलवर में 5 घंटे तक धधकती रही AC बनाने वाली कंपनी, भीषण आग पर काबू पाने के लिए पहुंची दमकल की 6 गाड़ियां
- देश के साथ गद्दारी...भारतीय एयर फोर्स के कर्मचारी ने पैसों के लालच में पाकिस्तान को भेजा संवेदनशील डेटा, आरोपी गिरफ्तार