पंजाब में आसमान से बरस रही आग, जालंधर में 46 डिग्री तक पहुंचा पारा; मौसम विभाग ने दिया अलर्ट
पंजाब के जालंधर में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. शहर का तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में 45 से 46 डिग्री तक तापमान पहुंचने की चेतावनी जारी की है.
जालंधर: पंजाब में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और जालंधर इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया. सुबह साढ़े आठ बजे के बाद धूप इतनी तेज हो गई कि दोपहर तक अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं रात का तापमान भी बढ़कर 28.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल सकी. दोपहर 12 बजे से लेकर तीन बजे तक शहर के प्रमुख बाजारों और गलियों में सन्नाटा देखने को मिला. तेज गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए. कई इलाकों में सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही.
मौसम विभाग ने जारी किया नया अलर्ट
मौसम विभाग ने जालंधर और आसपास के क्षेत्रों के लिए नया अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 10 जून को तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यह स्थिति लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकती है, इसलिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हालांकि मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि 11 जून से अगले तीन दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना भी है. यदि बारिश होती है तो तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
पिछले वर्षों की तुलना में गर्मी का बढ़ता असर
जालंधर में पिछले कई वर्षों से जून के शुरुआती दिनों में तापमान लगातार 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. वर्ष 2024 में 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था, जो पिछले एक दशक का सबसे अधिक तापमान माना गया. वहीं वर्ष 2025 में भी शुरुआती दिनों में तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था. विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ता प्रदूषण, वाहनों का धुआं, फैक्ट्रियों से निकलने वाला उत्सर्जन और खुले में कचरा तथा सूखे पत्तों को जलाने जैसी गतिविधियां भी तापमान बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रही हैं.
Also Read
स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉक्टर कपिल गुप्ता के अनुसार लगातार बढ़ती गर्मी बच्चों और बुजुर्गों के लिए सबसे अधिक खतरनाक साबित हो सकती है. उन्होंने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है. जरूरी काम होने पर छाता, टोपी या सिर ढकने वाले कपड़े का उपयोग करना चाहिए. साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए. जिन लोगों को हृदय, सांस या ब्लड प्रेशर से जुड़ी समस्या है, उन्हें अपनी दवाएं साथ रखनी चाहिए.