पंजाब में फिर बदलेगा मौसम, 4 दिन बारिश और आंधी का अलर्ट; 16 सितंबर को सबसे ज्यादा असर

पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 14 से 17 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है.

ANI
Shanu Sharma

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पंजाब में मानसून की गतिविधियां बढ़ी हैं. इसके चलते आने वाले दिनों में कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. मौसम में इस बदलाव से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

राज्य में अगले चार दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है. हालांकि बारिश का प्रभाव सभी जिलों में एक जैसा नहीं रहेगा और अलग-अलग दिन चेतावनी का दायरा बदलता रहेगा.

अगले तीन दिनों तक मौसम का हाल

14 सितंबर को इन जिलों में अलर्ट


14 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और रूपनगर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.

15 सितंबर को बढ़ेगा बारिश का दायरा

15 सितंबर को मौसम का असर कई और जिलों तक पहुंच सकता है. पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में गरज-चमक की चेतावनी है.

वहीं कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर, बरनाला, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में इस दिन कोई चेतावनी नहीं है.

16 सितंबर को सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा मौसम

16 सितंबर को पंजाब में बारिश की गतिविधियां सबसे अधिक रहने का अनुमान है. पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है.

17 सितंबर को भी बारिश का असर

17 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी.

चंडीगढ़ में 121 मिमी बारिश

पंजाब में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया. बठिंडा एयरपोर्ट पर सबसे अधिक 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. पठानकोट में 35.4, फिरोजपुर में 35.9, अमृतसर और मोहाली में 34.6, लुधियाना में 34.4, पटियाला में 34.2 और जालंधर में 33.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. वहीं सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 121 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.