किसके सिर सजेगा जीत का ताज? जलालाबाद नगर परिषद की वोटिंग जारी, 79 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज

फाजिल्का के जलालाबाद नगर परिषद चुनाव के लिए मतदान जारी है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और देर रात तक सभी 17 वार्डों के परिणाम आने की संभावना है.

Pinterest
Km Jaya

जलालाबाद: जलालाबाद नगर परिषद चुनाव के लिए रविवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया. सुबह मौसम सुहावना रहने के कारण बड़ी संख्या में मतदाता समय से पहले ही मतदान केंद्रों पर पहुंच गए. निर्धारित समय पर मतदान कर्मियों ने ईवीएम के जरिए मतदान प्रक्रिया शुरू कराई और इसके साथ ही चुनाव मैदान में उतरे 79 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होने लगी.

चुनाव को लेकर शुरुआती घंटों में मतदाताओं में अच्छा उत्साह देखने को मिला. कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें नजर आईं. प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं.

कब से कब तक चलेगा मतदान?

नगर परिषद चुनाव के लिए कुल 33 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. हालांकि निर्धारित समय तक मतदान केंद्र परिसर में पहुंच चुके सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलेगा. इस चुनाव में कुल 79 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 28,750 मतदाता करेंगे.


कैसी है व्यवस्था?

मतदाता सूची के अनुसार कुल 15,037 पुरुष और 13,711 महिला मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर प्रिजाइडिंग अधिकारी और मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है. करीब 250 कर्मचारी पूरे चुनाव प्रबंधन में लगे हुए हैं.

प्रशासन का क्या है कहना?

जिला प्रशासन ने चुनाव की निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक सर्विलांस टीमों को सक्रिय रखा है. सभी टीमें लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नियम उल्लंघन की स्थिति पैदा न हो. प्रशासन का कहना है कि पूरे चुनाव पर लगातार नजर रखी जा रही है.

जिला पुलिस प्रमुख ने क्या बताया?

जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है. जलालाबाद और आसपास के क्षेत्रों में करीब 200 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है. लगातार गश्त, नाकाबंदी और पेट्रोलिंग की जा रही है ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या चुनाव नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर ही मतगणना की जाएगी. प्रशासन के अनुसार देर रात तक सभी 17 वार्डों के नतीजे घोषित होने की संभावना है. इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि नगर परिषद में किस दल या समूह का बोर्ड बनेगा.