menu-icon
India Daily

हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के सामने 30 मिनट में दो सड़क हादसे, स्पीड ब्रेकर बना काल

हलवारा में भारतीय वायुसेना केंद्र के सामने लुधियाना-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने स्पीड ब्रेकरों के कारण बुधवार देर रात आधे घंटे के अंदर दो सड़क दुर्घटनाएं हो गईं. इन हादसों में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे में कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं.

antima
Edited By: Antima Pal
हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के सामने 30 मिनट में दो सड़क हादसे, स्पीड ब्रेकर बना काल
Courtesy: X

लुधियाना: हलवारा में भारतीय वायुसेना केंद्र के सामने लुधियाना-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने स्पीड ब्रेकरों के कारण बुधवार देर रात आधे घंटे के अंदर दो सड़क दुर्घटनाएं हो गईं. इन हादसों में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे में कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं. केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 के पास हुई इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के सामने 30 मिनट में दो सड़क हादसे

पहला हादसा रात करीब 12 बजे हुआ. रायकोट से लुधियाना जा रहे ईंटों से लदे ट्रक के चालक सुखविंदर सिंह को अचानक स्पीड ब्रेकर का सामना करना पड़ा. आरोप है कि ब्रेकर के आगे कोई चेतावनी बोर्ड नहीं था. ब्रेक लगाने पर पीछे आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. 

स्पीड ब्रेकर बना काल

स्थानीय लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने ट्रक काटकर सुखविंदर को बाहर निकाला. उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पीछे वाले ट्रक को गुरप्रीत सिंह चला रहे थे. उन्होंने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन के आसपास अन्य स्पीड ब्रेकरों पर भी संकेतक नहीं लगे हैं.

करीब आधे घंटे बाद उसी जगह एक अन्य ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई. इस दुर्घटना में सवार लोगों को केवल मामूली खरोंचें आईं. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्गों पर सामान्य रूप से स्पीड ब्रेकर बनाने की अनुमति नहीं है. मंत्रालय ने 1976 से 2016 तक कई परिपत्रों में इन्हें हटाने की बात दोहराई है. जहां गति नियंत्रण जरूरी हो, वहां स्पीड लिमिट बोर्ड और रंबल स्ट्रिप जैसे सुरक्षित उपाय सुझाए गए हैं.