menu-icon
India Daily

Punjab SIR: 1.46 लाख वोटरों को नोटिस, कैंपों में उमड़ी भीड़; नाम जुड़वाने से पहले तैयार रखें ये डॉक्यूमेंट्स

पंजाब SIR के दूसरे चरण में 1,46,551 वोटरों को सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए गए हैं. 2003 की वोटर लिस्ट से मैपिंग नहीं होने के कारण इन लोगों को कैंपों में बुलाया जा रहा है. जानिए नोटिस मिलने पर कौन से दस्तावेज जमा करने होंगे.

babli
Edited By: Babli Rautela
Punjab SIR: 1.46 लाख वोटरों को नोटिस, कैंपों में उमड़ी भीड़; नाम जुड़वाने से पहले तैयार रखें ये डॉक्यूमेंट्स
Courtesy: AI

पंजाब में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दूसरे चरण में 1.46 लाख से ज्यादा वोटरों को सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए गए हैं. इन लोगों की 2003 की वोटर लिस्ट से मैपिंग नहीं हो पाई थी. नोटिस मिलने के बाद अब वोटर निर्धारित कैंपों में पहुंचकर जरूरी दस्तावेज जमा कर रहे हैं. कैंपों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण उन्हें अपनी बारी के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है.

1.46 लाख वोटरों की नहीं हुई 2003 की सूची से मैपिंग

SIR के पहले चरण में 25 जून से 3 अगस्त तक बूथ लेवल अधिकारियों ने घर घर जाकर वोटरों को इन्यूमरेशन फॉर्म दिए. जिले में कुल 16,49,946 वोटरों को फॉर्म वितरित किए गए थे. इनमें से 14,64,949 वोटरों ने अपने फॉर्म जमा किए, जबकि 1,84,997 वोटरों के फॉर्म प्राप्त नहीं हुए. इनमें 50,520 मृतक, 94,356 दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके, 8,961 डुप्लीकेट एंट्री, 30,157 अनुपस्थित या अनट्रेसेबल और 1,003 अन्य श्रेणी में पाए गए. वहीं ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 1,46,551 वोटर ऐसे मिले, जिनकी 2003 की वोटर लिस्ट से मैपिंग नहीं हो सकी. दूसरे चरण में इन्हीं वोटरों को सत्यापन के लिए नोटिस भेजे गए हैं.

कैंपों में लग रही लंबी कतारें

नोटिस मिलने के बाद वोटरों को अलग अलग तारीखों और स्थानों पर लगाए जा रहे कैंपों में बुलाया जा रहा है. यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. मैपिंग और दस्तावेजों की जांच में समय लगने के कारण कई लोगों को दो से तीन घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से टोकन व्यवस्था भी की गई है. कैंपों में बैठने और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है. वीरवार को पुडा कांप्लेक्स में भी कैंप लगाया जाएगा.

कैंप में पहुंचे कुछ लोगों को दस्तावेजों से जुड़ी अलग अलग परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सुरेश कुमार ने बताया कि 2003 में वह बालिग नहीं थे और उस समय की वोटर लिस्ट में उनके पिता का नाम भी दर्ज नहीं था. ऐसे में उन्हें अपने पिता से जुड़े दस्तावेज गांव से मंगवाने पड़े. वहीं लीला रानी ने बताया कि उनकी वोटर आईडी बनी हुई है, लेकिन उनके पति के नाम की स्पेलिंग में गलती है. इसे ठीक कराने के लिए पति के सही नाम वाले दस्तावेज मांगे गए हैं.

SIR नोटिस मिलने पर कौन से दस्तावेज रखें?

अगर आपको भी SIR के तहत सत्यापन के लिए नोटिस मिला है तो कैंप में जाने से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार रखना बेहतर होगा.

उम्र के प्रमाण के लिए:

  •  जन्म प्रमाणपत्र
  •  आधार कार्ड
  •  पैन कार्ड
  •  ड्राइविंग लाइसेंस
  •  10वीं या 12वीं का प्रमाणपत्र
  •  पासपोर्ट

निवास के प्रमाण के लिए:

  •  बैंक या पोस्ट ऑफिस की पासबुक
  •  बिजली, पानी या गैस का बिल
  •  आधार कार्ड
  •  पासपोर्ट
  •  पंजीकृत किरायानामा
  •  पंजीकृत सेल डीड

इसके अलावा आवेदन के साथ हाल की पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो भी जमा करनी होगी.