रात में ATM में सोता था युवक, फिर रच डाली 18 लाख उड़ाने की साजिश; DCP का बड़ा खुलासा
लुधियाना के प्रताप चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से 17.98 लाख रुपये चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से 13.75 लाख रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदे गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं.
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना के प्रताप चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से लाखों रुपये चोरी होने के मामले में लुधियाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. जांच के दौरान आरोपियों के पास से चोरी की रकम का बड़ा हिस्सा और चोरी के पैसों से खरीदे गए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच जारी है और शेष रकम के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के निर्देशों पर गठित विशेष टीमों ने इस मामले की जांच तेज गति से आगे बढ़ाई. डिवीजन नंबर-6 थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को जस्सा सिंह रामगढ़िया चौक के पास से गिरफ्तार किया.
दो दोस्तों ने मिलकर बनाई थी योजना
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय सुधांशु महाजन उर्फ शैंटी और 19 वर्षीय वसीम खान उर्फ मोटू के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे. लंबे समय से काम नहीं मिलने और आर्थिक तंगी के चलते दोनों ने चोरी की योजना तैयार की.
Also Read
एटीएम की गतिविधियों पर थी नजर
मुख्य आरोपी सुधांशु अक्सर प्रताप चौक इलाके में रहता था. गर्मी के दिनों में वह कई बार बैंक के एटीएम केबिन में रात गुजार चुका था. इसी दौरान उसने वहां की सुरक्षा व्यवस्था और मशीन की बनावट को करीब से समझ लिया. बाद में इसी जानकारी का इस्तेमाल चोरी की वारदात में किया गया.
आधी रात को दिया वारदात को अंजाम
12 और 13 जून की दरमियानी रात दोनों आरोपी एटीएम केबिन में पहुंचे. अपने साथ लाए कटर और अन्य औजारों की मदद से उन्होंने मशीन की कैश ट्रे को तोड़ दिया. इसके बाद मशीन में रखी करीब 17.98 लाख रुपये की नकदी निकालकर मौके से फरार हो गए.
13.75 लाख रुपये और मोबाइल बरामद
बैंक प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. डंप डाटा, सीसीटीवी और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई. गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से 13.75 लाख रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदे गए दो नए मोबाइल फोन बरामद किए गए. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बाकी रकम कहां खर्च की गई और क्या इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था.