menu-icon
India Daily

मोहाली में दर्दनाक हादसा, तीसरी मंजिल से नीचे गिरी लिफ्ट; मजदूर की मौत

मोहाली फेज-9 की एक कंपनी में सामान ऊपर ले जाते समय खुली लिफ्ट अचानक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मोहाली में दर्दनाक हादसा, तीसरी मंजिल से नीचे गिरी लिफ्ट; मजदूर की मौत
Courtesy: X

मोहाली के फेज-9 में बुधवार को एक कंपनी के अंदर बड़ा हादसा हो गया. ट्रक से सामान उतारकर तीसरी मंजिल तक पहुंचाया जा रहा था. इसी दौरान सामान ढोने वाली खुली लिफ्ट में तकनीकी खराबी आई और वह नीचे जा गिरी. लिफ्ट में मौजूद मजदूर शंभू भी नीचे गिर गया.

सामान चढ़ाते समय अचानक नीचे गिरी लिफ्ट

हादसे के समय करीब नौ मजदूर ट्रक से मार्बल टेबल और दूसरा सामान उतार रहे थे. सामान को ऊपर पहुंचाने के लिए कंपनी में लगी खुली लिफ्ट का इस्तेमाल किया जा रहा था. बताया गया कि लिफ्ट सामान लेकर तीसरी मंजिल तक पहुंची, तभी उसमें अचानक खराबी आ गई और वह नीचे गिर गई. लिफ्ट चारों तरफ से खुली थी. उसके साथ 25 वर्षीय शंभू भी नीचे गिर गया. वह गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

तीन महीने पहले हुई थी शादी

शंभू मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कॉलोनी में रह रहा था. परिजनों और साथ काम करने वाले लोगों के मुताबिक, उसकी शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी. बताया गया कि हादसे वाले दिन ही वह पहली बार इस कंपनी में काम करने पहुंचा था. अचानक हुए हादसे से वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई. साथी मजदूर ने बताया कि लिफ्ट से लगातार सामान ऊपर भेजा जा रहा था और इसी दौरान यह हादसा हुआ.

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद मृतक के साथ काम करने वाले मजदूर ने कंपनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अगर लिफ्ट की समय पर जांच और मेंटेनेंस होती तो हादसा रोका जा सकता था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शंभू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.