डिलीवरी बॉय बनकर पहुंचा रहे थे हथियार, फ्लिपकार्ट की वर्दी में पकड़े गए 4 तस्कर

पुलिस के अनुसार आरोपी एमपी से पिस्तौल खरीदते थे. इसके बाद वे फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों की वर्दी पहनकर बस या ट्रेन से पंजाब लाते थे. पुराने डिलीवरी बॉक्स में हथियार पैक करके वे इन्हें सप्लाई करते थे. इस तरीके से किसी को उन पर शक नहीं होता था. लोग उन्हें सामान्य डिलीवरी बॉय समझ लेते थे.

Pinterest
Antima Pal

पटियाला: पंजाब में हथियार तस्करी का तरीका अब बदल गया है. तस्कर पुलिस की नजर बचाने के लिए डिलीवरी बॉय की वर्दी पहनकर हथियार ले जा रहे हैं. फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों के पैकेटों और पुराने डिलीवरी बॉक्स का इस्तेमाल कर वे आसानी से हथियार सप्लाई कर रहे थे. पटियाला पुलिस ने इस अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है.

डिलीवरी बॉय बन हथियार पहुंचा रहे तस्कर

पटियाला पुलिस की सीआईए टीम और थाना सदर राजपुरा की संयुक्त टीम ने दिल्ली-जालंधर नेशनल हाईवे पर बसंतपुरा के पास कार्रवाई की. इस दौरान विशाल (20), सुभाष, जिंदर उर्फ सागर उर्फ भैरों (21) और बादल कुमार (20) को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 15 पिस्तौल और 30 कारतूस बरामद हुए हैं. 

पुलिस के अनुसार आरोपी एमपी से पिस्तौल खरीदते थे. इसके बाद वे फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों की वर्दी पहनकर बस या ट्रेन से पंजाब लाते थे. पुराने डिलीवरी बॉक्स में हथियार पैक करके वे इन्हें सप्लाई करते थे. इस तरीके से किसी को उन पर शक नहीं होता था. लोग उन्हें सामान्य डिलीवरी बॉय समझ लेते थे.


एसएसपी का बयान

पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने सोमवार को बताया कि यह गिरोह पंजाब में हथियारों की तस्करी कर रहा था. युवा दिखने वाले इन आरोपियों ने सोचा था कि डिलीवरी बॉय का रूप धरकर वे आसानी से काम चला लेंगे. लेकिन पुलिस की सतर्क टीम ने उनकी चालाकी पकड़ ली.

पुलिस जांच में पता चला है कि यह गिरोह लंबे समय से इस नये तरीके का इस्तेमाल कर रहा था. वे हथियारों को छोटे-छोटे पैकेटों में छिपाकर लाते थे. वर्दी और डिलीवरी बॉक्स देखकर सुरक्षा चेकिंग के दौरान भी उन्हें आसानी से निकल जाने का मौका मिल जाता था.

पंजाब में बढ़ती चुनौती

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पंजाब में हथियार तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पहले से ज्यादा सतर्क हो गई हैं. तस्कर पुराने तरीकों के अलावा नये-नये तरीके आजमा रहे हैं. डिलीवरी बॉय बनकर हथियार पहुंचाने का यह ट्रेंड हाल के दिनों में काफी बढ़ गया है.

पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है. आगे की पूछताछ में इस गिरोह के और साथियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.