राजा वडिंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, 24 से 48 घंटे में हो सकता है नए नाम का ऐलान
राजा वडिंग ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. माना जा रहा है कि 24-48 घंटों में नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो सकता है.
पंजाब कांग्रेस संगठन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. वड़िंग वर्ष 2022 से इस पद की कमान संभाल रहे थे. संगठन के भीतर लंबे समय से चल रही अंदरूनी गुटबाजी और नेतृत्व में बदलाव की चर्चाओं के बीच उन्होंने यह कदम उठाया है.
24 से 48 घंटे में नए नाम का ऐलान
पार्टी हाईकमान अब पंजाब में नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा जल्द ही कर सकती है. सूत्रों के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों के भीतर नए नाम का आधिकारिक ऐलान होने की पूरी संभावना है. पार्टी आगामी चुनावों और सांगठनिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए किसी बड़े चेहरे को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी में है.
अध्यक्ष पद की रेस में दिग्गज नेता
नए अध्यक्ष पद के लिए विजय इंदर सिंगला, परगट सिंह और सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम चर्चा में है. सूत्रों का कहना है कि विजय इंदर सिंगला पार्टी हाईकमान की पहली पसंद बने हुए हैं. वहीं, यदि सिख चेहरे को कमान सौंपी जाती है तो पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह रेस में सबसे आगे हैं. हालांकि, चरणजीत सिंह चन्नी और रंधावा की संभावनाएं न के बराबर हैं.