Raja D King ने लगाया पैसों का लंगर, जय माता दी बोलने पर बांटे 500 से 1500 रुपये

मोहाली के श्री वैष्णों माता मंदिर के बाहर राकेश त्रेहन उर्फ राजा डी किंग ने लोगों को 500 से 1500 रुपये तक बांटे. उन्होंने इसे माता रानी का प्रसाद बताते हुए पैसों का लंगर लगाया.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

मोहाली: मोहाली के फेज-3बी1 स्थित श्री वैष्णों माता मंदिर के बाहर मंगलवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब राकेश त्रेहन उर्फ राजा डी किंग ने लोगों के बीच 500-500 रुपये के नोट बांटने शुरू किए. पहले उनकी टीम ने मोबाइल नंबर लेकर कूपन बांटे और लोगों को कतार में खड़ा किया. बाद में बिना नंबर वाले लोगों को भी लाइन में शामिल किया गया. इस दौरान मंदिर परिसर के बाहर जय माता दी के जयकारे भी सुनाई दिए.

राजा डी किंग हाथ में मोतियों की माला लेकर मंदिर के बाहर पहुंचे. उन्होंने लोगों से जय माता दी बोलने को कहा और इसके बाद अपनी जेब से पैसे निकालकर बांटने लगे. शुरुआत में लोगों को 500 रुपये दिए गए. देखते ही देखते वहां काफी संख्या में लोग जमा हो गए. मंदिर के प्रधान प्रदीप सोनी भी मौके पर पहुंचे और पूरी गतिविधि को देखा.

किसी को 500, किसी को 1500 रुपये

राजा डी किंग ने बताया कि उन्होंने लोगों को माता रानी के प्रसाद के रूप में पैसे दिए. उनके मुताबिक, जिसने जय माता दी कहा उसे 500 रुपये मिले. जिसने दिल से जय माता दी कहा, उसे 1000 रुपये दिए गए. वहीं, पूरे दिन जय माता दी बोलने वालों को 1500 रुपये तक का प्रसाद दिया गया.


‘माता रानी की कृपा से मिला’

पत्रकारों से बातचीत में राजा डी किंग ने कहा कि उनके पास माता रानी का दिया हुआ बहुत कुछ है. उन्होंने कहा कि उनका न कोई आगे है और न पीछे. उनका कहना था कि माता रानी की कृपा से मिली संपत्ति को लोगों के बीच बांटने में उन्हें खुशी मिलती है. उन्होंने खासतौर पर छोटी बच्चियों का जिक्र करते हुए कहा कि जय माता दी बोलते समय उनमें उन्हें माता रानी नजर आती हैं.

पहले भी लगा चुके हैं अलग तरह के लंगर

राजा डी किंग ने बताया कि इससे पहले चंडीगढ़ में पेट्रोल और आईफोन के लंगर लगाए जा चुके हैं. अब मोहाली से पंजाब के दूसरे शहरों तक पैसों और पेट्रोल का लंगर लगाने की योजना है. उनके मुताबिक, इसका उद्देश्य लोगों के बीच अपनी ओर से मदद पहुंचाना है. मोहाली और चंडीगढ़ के लोगों के लिए आईफोन का लंगर भी जल्द लगाए जाने की बात उन्होंने कही.

आईफोन लंगर के लिए नंबर हो रहे रजिस्टर

राजा डी किंग के अनुसार, आईफोन बांटने की आगामी योजना के लिए मोबाइल नंबर दर्ज किए जा रहे हैं. वहीं, मोहाली में हुए पैसों के लंगर के दौरान लोगों को अलग-अलग राशि दी गई. मंदिर के बाहर इस आयोजन के चलते काफी भीड़ जमा हुई और लोगों में इसे लेकर उत्सुकता देखने को मिली.