menu-icon
India Daily

पंजाब के सभी जिलों में आज बारिश के आसार, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

पंजाब में मानसून सक्रिय रहने के कारण आज सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब के सभी जिलों में आज बारिश के आसार, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल
Courtesy: ANI

पंजाब में मानसून की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं. मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार सोमवार को राज्य के सभी जिलों में कहीं न कहीं बारिश होने की संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, फिरोजपुर और संगरूर में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं.

चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के आसार

राजधानी चंडीगढ़ में सोमवार को मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी हल्की राहत देखने को मिली है.

पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. इसके बाद राज्य में तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है. हालांकि, रविवार को बठिंडा 39 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा.

आनंदपुर साहिब में सबसे ज्यादा बारिश

पंजाब के कई हिस्सों में रविवार को बारिश हुई. सबसे अधिक 46.5 मिलीमीटर बारिश आनंदपुर साहिब में दर्ज की गई. इसके बाद केवीके पठानकोट में 18 मिलीमीटर, रोपड़ केवीके में 17.5 मिलीमीटर और भाखड़ा डैम में 14 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है.

बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह

मानसून ट्रफ अमृतसर और पटियाला से होकर गुजर रही है. इसके अलावा उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर गरज-चमक और तेज बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है.