पंजाब में आज बारिश के आसार, 6 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
पंजाब में आज मौसम का मिजाज बदला रहेगा. राज्य के सभी जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है. छह जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा है.
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में बारिश के साथ आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है.
इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, रोपड़ और मोहाली में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
इन जिलों में भी बरस सकते हैं बादल
मौसम विभाग के मुताबिक फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इससे पहले मंगलवार को राज्य के 16 जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया था. हालांकि, कई इलाकों में बारिश सीमित रही. लुधियाना में 3.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा चंडीगढ़ एयरपोर्ट, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में भी बारिश दर्ज की गई.
Also Read
चंडीगढ़ में बादल, बारिश के आसार
चंडीगढ़ में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है. एक-दो दौर में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. पंजाब में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल जारी रहने का अनुमान है.
मौसम प्रणाली से जुड़ी मानसून ट्रफ राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके प्रभाव से पंजाब में आगे भी बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं. इन मौसमी प्रणालियों के असर से पंजाब और चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-बौछार का सिलसिला बना रह सकता है.