चंडीगढ़: पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालंधर में पंजाब यूथ रन 2026 का आयोजन किया गया. इस दौड़ में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक अलग अलग वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. प्रतिभागियों ने दौड़ के जरिए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया.
पंजाब यूथ रन की शुरुआत शिवानी पार्क से हुई. इसके बाद दौड़ गुरु अमरदास चौक, गुरु नानक मिशन चौक, स्काईलार्क चौक और संविधान चौक से होते हुए वापस शिवानी पार्क पहुंची. पूरे मार्ग पर प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया.
#Breaking
— Amit Pandey (@amitpandaynews) August 23, 2026
युद्ध नशियां विरुद्ध मुहिम को मजबूत करने के लिए आम आदमी पार्टी यूथ विंग की मैराथन
पंजाब को नशा-मुक्त बनाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए जालंधर में "यूथ रन पंजाब 2026" का आयोजन
आम आदमी पार्टी पंजाब के इंचार्ज @msisodia और सीएम के OSD राजबीर सिंह घुम्मन ने हरी… pic.twitter.com/kJiMP1NORD
रन में शहर के अलग अलग क्षेत्रों से लोग शामिल हुए. युवाओं के साथ बच्चों और बुजुर्गों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया. आयोजन का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को खेल तथा स्वस्थ गतिविधियों से जोड़ना रहा.
आयोजन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को पदक देकर सम्मानित किया गया. विजेताओं को स्मृति चिन्ह, नकद पुरस्कार और पदक प्रदान किए गए.
पंजाब यूथ रन में आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उनके अलावा सेंट्रल हलके के इंचार्ज नितिन कोहली, मेयर और नॉर्थ हलका इंचार्ज वनीत धीर, जालंधर कैंट इंचार्ज राजविंदर कौर थियारा और काकू आहलुवालिया भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.
कार्यक्रम में नेताओं ने कहा कि पंजाब यूथ रन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लोगों का उत्साह यह दिखाता है कि समाज नशे के खिलाफ एकजुट हो रहा है.
आयोजकों और नेताओं ने कहा कि नशे की समस्या के कारण कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं. पंजाब से नशे को खत्म करना समय की जरूरत है. इसके लिए युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है.
उन्होंने बताया कि 'खेड़ा वतन पंजाब दियां' के चौथे सीजन की शुरुआत होने जा रही है. इन खेल आयोजनों में अलग अलग आयु वर्ग के लोग हिस्सा लेते हैं. पंजाब यूथ रन के जरिए भी युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने और नशे के खिलाफ सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया.