US Israel Iran War

Punjab Weather: पंजाब में आग उगलती गर्मी, हिमाचल से सटे जिलों में बारिश के आसार; जानें अभी कितना है तापमान

पंजाब में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है और पटियाला में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. 27 से 30 जून तक हिमाचल से सटे जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

चंडीगढ़: मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक उत्तर-पूर्वी पंजाब के कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. हालांकि यह बारिश व्यापक नहीं होगी और केवल कुछ स्थानों तक ही सीमित रहने की संभावना है.

27 जून को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है. गुरदासपुर के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए निगरानी श्रेणी का अलर्ट जारी किया गया है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

28 जून को बारिश का दायरा थोड़ा कम रहेगा. इस दिन पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली और रूपनगर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने इस दिन किसी तरह का विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है.


29 जून को भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर मुख्य रूप से उत्तर-पूर्वी पंजाब तक सीमित रहेगा. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली और रूपनगर में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा.

30 जून को भी लगभग यही स्थिति बनी रहेगी. पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली और रूपनगर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है. वहीं दक्षिणी और मध्य पंजाब के अधिकांश जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा.

कितना था कल का तापमान?

शुक्रवार को राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. पटियाला के बाद बठिंडा में 40.8 डिग्री, भाखड़ा बांध में 39.5 डिग्री, लुधियाना में 39.0 डिग्री, मोहाली में 38.5 डिग्री, गुरदासपुर के बल्लोवाल में 38.0 डिग्री, पठानकोट में 37.8 डिग्री, जालंधर में 37.3 डिग्री, फिरोजपुर और होशियारपुर में 37.1 डिग्री तथा अमृतसर में 35.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पूर्वी जिलों में हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन राज्य के अधिकतर हिस्सों में गर्मी का असर जारी रहेगा.