Punjab Weather: उमस और गर्मी से बेहाल पंजाब, 39.5 डिग्री तक पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

पंजाब में तेज धूप और उमस के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है. मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का यलो अलर्ट जारी किया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों के लिए क्या चेतावनी दी गई है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

चंडीगढ़: पंजाब में गर्मी, उमस और चिपचिपाहट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. सप्ताह के पहले दिन प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही मौसम साफ रहा और तेज धूप निकलने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा. खासकर जालंधर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर उमस भरी गर्मी बनी रही. हालांकि देर शाम चली ठंडी हवाओं ने लोगों को कुछ राहत जरूर दी.

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार के लिए तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग का अनुमान है कि यदि बारिश होती है तो तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है.

जालंधर में कितना था तापमान?

जालंधर में सोमवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा. दिनभर तेज धूप के कारण सड़कों और बाजारों में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा. शाम के समय कुछ क्षेत्रों में राहत भरी हवाएं चलीं, जिससे मौसम थोड़ा सुहावना हुआ.


मौसम विभाग ने क्या जारी किया था अलर्ट?

मौसम विभाग इससे पहले भी लगातार तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी कर चुका था. हालांकि उस दौरान अपेक्षित बारिश नहीं हुई और लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ी. बीते दिनों शाम के समय तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश ने कुछ समय के लिए राहत जरूर दी थी, लेकिन इसका असर ज्यादा देर तक नहीं रहा.

मौसम विशेषज्ञों ने क्या बताया?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है और अगले तीन दिनों तक गर्मी का असर बना रह सकता है. हालांकि शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में कमी आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है. फिलहाल पंजाब के लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए हुए हैं.