Weather IMD

Punjab Weather: पंजाब से मानसून ने बदला रुख, आज इन जिलों में हो सकती है बारिश; जानें वेदर अपडेट

पंजाब में 15 सितंबर से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है. फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब से मानसून पीछे हट चुका है और 25 सितंबर या उससे पहले पूरे राज्य से मानसून की विदाई होने का अनुमान है.

Pinterest
Km Jaya

पंजाब में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 15 सितंबर के बाद से मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. मालवा के फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब से मानसूनी बादल पीछे हट चुके हैं. अनुमान है कि 25 सितंबर या उससे पहले मानसून पूरे पंजाब से विदा हो सकता है.

दो दिन बारिश का दौर रहने के बाद अब राज्य के औसत तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है. हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है. 19 सितंबर को मौसम विभाग ने किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन कुछ जिलों में हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है.

आज इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 सितंबर को पंजाब के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर और रूपनगर में छिटपुट बारिश हो सकती है.


वहीं, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा और मोहाली समेत मध्य और दक्षिणी पंजाब में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. छिटपुट बारिश का मतलब राज्य के सीमित हिस्से में बारिश होने की संभावना है.

20 और 21 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 सितंबर को पंजाब के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. यानी इन दोनों दिनों में बारिश की गतिविधियां काफी कम रहने का अनुमान है.

मानसून की वापसी के साथ आने वाले दिनों में मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि, फिलहाल दिन के तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है.

तापमान में मामूली बढ़ोतरी

शुक्रवार, 18 सितंबर को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान फरीदकोट में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

अमृतसर में 30.9 डिग्री, लुधियाना में 33.0 डिग्री, पटियाला में 34.4 डिग्री और बठिंडा में 34.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. इसके अलावा फिरोजपुर में 33.4 डिग्री, जालंधर में 31.3 डिग्री, होशियारपुर में 31.6 डिग्री और संगरूर में 30.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.