पंजाब में अब थमेगी बारिश और बढ़ेगी उमस, हिमाचल से सटे जिलों में ही बौछारों के आसार

पंजाब में लगातार बारिश के बाद अब मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने वाली हैं. आने वाले दिनों में ज्यादातर जिलों में मौसम सूखा रहने का अनुमान है, जबकि हिमाचल से सटे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

ANI
Shanu Sharma

पंजाब में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार के बाद राज्य में भारी बारिश की संभावना नहीं है और फिलहाल किसी तरह की बड़ी मौसम चेतावनी भी जारी नहीं की गई है. अगले कुछ दिनों में मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने की उम्मीद है.

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले 3 से 4 दिनों तक पंजाब में कोई नया मानसूनी तंत्र सक्रिय होने के आसार नहीं हैं. इसका सीधा असर बारिश पर पड़ेगा और राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रह सकता है.

हिमाचल से सटे जिलों में हो सकती है बारिश

बारिश पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन इसका दायरा सीमित रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश या कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं. इसके उलट लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, फरीदकोट, मानसा और फाजिल्का समेत राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.


तापमान में भी इजाफा का अनुमान

पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार को करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. बठिंडा 37 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा. पटियाला में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा. इसके अलावा फिरोजपुर में 35.4, चंडीगढ़ और लुधियाना में 35 तथा अमृतसर में 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.

बारिश थमेगी तो बढ़ेगी चिपचिपी गर्मी

मानसून के कमजोर पड़ने के साथ पंजाब में धूप का असर बढ़ेगा. हवा में नमी अधिक रहने के कारण तापमान बहुत ज्यादा न होने के बावजूद लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी परेशान कर सकती है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी संभव है.