पंजाब में अगले 4 दिन बारिश के आसार, उत्तर और पूर्वी हिस्सों में ज्यादा असर

पंजाब में अगले चार दिनों तक मौसम में उतार-चढाव बना रहेगा. मौसम विभाग ने भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन उत्तरी और पूर्वी पंजाब के कई जिलों में बारिश और बौछारें पडने की संभावना जताई गई है.

ANI
Shanu Sharma

पंजाब में मानसून की गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक बनी रहने वाली हैं. मौसम विभाग के अनुसार 20 से 23 अगस्त के बीच राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना ज्यादा है. हालांकि फिलहाल कहीं भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है. ऐसे में लोगों को राहत की उम्मीद है, लेकिन कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होने से मौसम सुहावना रह सकता है.

पंजाब में बुधवार को औसतन अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान बठिंडा में सबसे अधिक 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. बारिश के आंकडों पर नजर डालें तो रोपड़ में सबसे ज्यादा 8.0 मिलीमीटर बारिश हुई. भाखड़ा बांध क्षेत्र में 4.0 मिलीमीटर, लुधियाना में 3.4 मिलीमीटर, पठानकोट में 3.0 मिलीमीटर, बठिंडा एएमएफयू में 1.5 मिलीमीटर और गुरदासपुर में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

20 अगस्त को इन जिलों में बारिश

मौसम विभाग की ओर से 20 अगस्त को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों के करीब 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में बारिश हो सकती है. वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ जगहों पर बौछारें पड सकती हैं. फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में छिटपुट बारिश का अनुमान है.


21 और 22 अगस्त को भी बारिश के आसार

IMD ने 21 अगस्त को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का और बठिंडा में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है.

22 अगस्त को भी पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.

23 अगस्त को उत्तर पंजाब में ज्यादा असर

23 अगस्त को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है. वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने फिलहाल भारी बारिश का अलर्ट नहीं दिया है, इसलिए अगले चार दिनों में मुख्य रूप से हल्की से मध्यम बारिश और बौछारों का दौर रहने की उम्मीद है.