menu-icon
India Daily

नूरपुर में 2.5 किलो चरस के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक भी की जब्त

कांगड़ा जिले के नूरपुर में पुलिस ने जांच अभियान के दौरान पंजाब के एक युवक को 2.532 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया. आरोपी की बाइक भी जब्त कर ली गई है और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू हो गई है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
नूरपुर में 2.5 किलो चरस के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक भी की जब्त
Courtesy: X

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच नूरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच के दौरान पंजाब के एक युवक को भारी मात्रा में चरस के साथ पकड़ा. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई और किस तक पहुंचनी थी.

जांच अभियान में मिली बड़ी सफलता

कांगड़ा जिले के नूरपुर में पुलिस ने नियमित गश्त और वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की. सीआईए नूरपुर की टीम रविवार को इलाके में निगरानी कर रही थी. इसी दौरान नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन नागाबाड़ी टोल प्लाजा के पास एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को शक के आधार पर रोका गया. पुलिस ने चालक की तलाशी ली तो उसके पास से 2.532 किलोग्राम चरस बरामद हुई. मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर चरस और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई. पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान 33 वर्षीय अश्वनी कुमार के रूप में हुई है, जो पंजाब के पठानकोट जिले के नरोट मेहरा का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती पूछताछ में पुलिस कई अहम जानकारियां जुटाने की कोशिश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से यह भी पूछा जा रहा है कि चरस उसे कहां से मिली और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था. जांच के दौरान उसके संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस अब इस मामले को सिर्फ एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखेगी. जांच का मुख्य उद्देश्य उस पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है, जो इस अवैध कारोबार से जुड़ा हो सकता है. पुलिस यह भी पता लगाएगी कि बरामद चरस हिमाचल में तैयार की गई थी या किसी दूसरे इलाके से लाई गई थी. साथ ही जिन लोगों तक इसकी सप्लाई होनी थी, उनकी पहचान भी की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.