menu-icon
India Daily

दसूहा में सोते हुए किसान की निर्मम हत्या, चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए वार

होशियारपुर जिले के दसूहा इलाके के गांव थेपड़ा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 52 साल के किसान गुरमेल सिंह की रात में सोते समय उनकी ही घर की बरामदे में हत्या कर दी गई. सुबह जब उनके घर वाले उन्हें उठाने गए तो खून से लथपथ हालत में उनका शव बिस्तर पर पड़ा मिला.

antima
Edited By: Antima Pal
दसूहा में सोते हुए किसान की निर्मम हत्या, चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए वार
Courtesy: X

पंजाब: होशियारपुर जिले के दसूहा इलाके के गांव थेपड़ा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 52 साल के किसान गुरमेल सिंह की रात में सोते समय उनकी ही घर की बरामदे में हत्या कर दी गई. सुबह जब उनके घर वाले उन्हें उठाने गए तो खून से लथपथ हालत में उनका शव बिस्तर पर पड़ा मिला.

सोते हुए किसान की निर्मम हत्या

पुलिस के अनुसार गुरमेल सिंह घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे. पूरा परिवार घर के अंदर सोया हुआ था. सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनकी भाभी परमजीत कौर उन्हें जगाने पहुंचीं. उन्होंने देखा कि चारपाई पर खून फैला हुआ है और गुरमेल सिंह के मुंह पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए निशान थे.

चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए वार

परमजीत कौर की चीख सुनकर पूरे घर में हड़कंप मच गया. परिवार के लोग बाहर निकले तो यह भयानक नजारा देखकर सदमे में आ गए. गुरमेल सिंह के भतीजे अमनदीप सिंह ने बताया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद चाचा गुरमेल सिंह उनके साथ ही रहते थे. रात में वह, उनका भाई गुरमुख सिंह और मां परमजीत कौर घर के अंदर सोए थे. चाचा बरामदे में अकेले सो रहे थे. किसी ने भी रात में कोई आवाज या हलचल नहीं सुनी. सुबह इस घटना का पता चला तो परिवार वाले सदमे में हैं.

पड़ोस में झगड़े की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्या से एक दिन पहले गुरमेल सिंह की पड़ोसियों से पशुओं के भूसे (चारे) को लेकर काफी कहासुनी हुई थी. थाना प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि इस बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव था. पुलिस अब इसी झगड़े को हत्या का मुख्य कारण मानकर पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है.

घटना की सूचना मिलते ही दसूहा पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी दलजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने शव को कब्जे में लिया और मौके का मुआयना किया. अमनदीप सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. फॉरेंसिक टीम भी मौके पर बुलाई गई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है.